शिक्षा ही सफलता की असली कुंजी, सैदपुर विद्यालय की उपलब्धियां पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा— बबलू कुमार मंडल

शिक्षा ही सफलता की असली कुंजी, सैदपुर विद्यालय की उपलब्धियां पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा— बबलू कुमार मंडल

जे टी न्यूज, खगड़िया/मानसी: सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने गुरुवार को श्री बनारसी राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय, सैदपुर (मानसी) में विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में विद्यालय के विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता और छात्रों के बेहतर भविष्य को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक बबलू मंडल ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो किसी भी समाज को आगे बढ़ाने की ताकत देता है। अगर हमें अपने क्षेत्र को विकसित बनाना है, तो सबसे पहले शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना होगा।

उन्होंने विद्यालय द्वारा लगातार टॉपर देने की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा, यह विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि प्रतिभा को निखारने का मंच बन चुका है। यहां के छात्रों ने अपनी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वह अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणादायक है।

विधायक ने शिक्षकों की भूमिका की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि एक अच्छे शिक्षक ही छात्रों को सही दिशा दिखाते हैं और उनके भीतर छिपी प्रतिभा को बाहर लाते हैं। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ छात्रों के भविष्य को संवारने का कार्य करते रहें।

उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई के प्रति सजग रहें और उन्हें सही वातावरण प्रदान करें। विशेष रूप से मातृ शक्ति की भूमिका पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि अगर माता-पिता अपने बच्चों की शिक्षा पर ध्यान दें, तो वे निश्चित रूप से सफलता की ऊंचाइयों को छू सकते हैं।

बैठक के दौरान विद्यालय की विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं पर भी चर्चा हुई। विधायक ने आश्वासन दिया कि विद्यालय में आवश्यक संसाधनों की कमी को दूर किया जाएगा और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि हर विद्यालय में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

विधायक ने कहा कि वे लगातार अपने विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों का दौरा कर रहे हैं और प्रबंधकारिणी समिति की बैठक कर जमीनी स्तर की समस्याओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हर विद्यालय एक आदर्श शिक्षण संस्थान बने, जहां से बच्चे बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ें।

बैठक में उपस्थित पूर्व प्रखंड प्रमुख दशरथ प्रसाद यादव, पूर्व जिला परिषद सदस्य अजीत सरकार, जेडीयू के प्रखंड अध्यक्ष राजनीति प्रसाद सिंह, महिला कॉलेज के प्रोफेसर प्रभाष कुमार, मुखिया प्रतिनिधि जितेंद्र यादव व स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक रामबिलास प्रसाद यादव, ने भी अपने सुझाव रखे और विद्यालय के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। विधायक ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

बैठक के अंत में विधायक ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार और विकास के माध्यम से ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने सभी को मिलकर विद्यालय को और बेहतर बनाने का संकल्प लेने की अपील की।

Related Articles

Back to top button