अनुमंडल पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार की अध्यक्षता में सहयोग शिविर का आयोजन
अनुमंडल पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार की अध्यक्षता में सहयोग शिविर का आयोजन

जे टी न्यूज़, समस्तीपुर : बिहार सरकार द्वारा आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु चलाए जा रहे “सहयोग शिविर” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रखंड पूसा के चयनित पंचायत महमदपुर देओपार एवं हरपुर महमदा में अनुमंडल पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार की अध्यक्षता में शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक श्री महेश्वर हजारी, विधायका अश्वमेघ देवी, जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर संयुक्त रूप से किया गया। शिविर में प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारी, संबंधित पंचायतों के जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से कुल 560 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 446 आवेदनों का त्वरित निष्पादन करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया है, ताकि उनका निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जा सके।

अनुमंडल पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार ने बताया कि बिहार सरकार की यह पहल आम नागरिकों को उनके पंचायत स्तर पर ही त्वरित सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब लोगों को छोटे-छोटे कार्यों एवं शिकायतों के समाधान के लिए कार्यालयों का चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर के माध्यम से आवेदन प्राप्त कर उसी दिन यथासंभव निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुँचाना एवं शिकायतों का समय सीमा के भीतर पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। शिविर के माध्यम से लोगों में काफी उत्साह देखा गया तथा स्थानीय नागरिकों ने सरकार की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना की।


