48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर द्वारा नेपाली शराब की बड़ी खेप जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर द्वारा नेपाली शराब की बड़ी खेप जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

जे टी न्यूज, (सुरेश कुमार गुप्ता), जयनगर : भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी निरोधक अभियान के तहत 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के जवानों ने कार्रवाइयों में कुल 864 लीटर नेपाली शराब जब्त कर सफलता प्राप्त की है। कार्रवाई दिनांक 30 मई 2026 को सीमा चौकी कमला क्षेत्र में की गई। आसूचना के आधार पर नाका ड्यूटी के दौरान जवानों ने सीमा स्तंभ संख्या 270/6 के निकट कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को कमला नदी के रास्ते नेपाल से भारत की ओर बोरी खींचकर लाते हुए देखा। जवानों द्वारा घेराबंदी किए जाने पर तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। मौके से कुल 16 बोरियों में भरी 2880 बोतल नेपाली सोफी शराब (864 लीटर) बरामद की गई। जब्त शराब को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु थाना जयनगर को सुपुर्द किया जा रहा है।

कमांडेंट का वक्तव्य: “48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी, अवैध व्यापार एवं अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु पूर्ण सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। हमारे जवान दिन-रात सीमा क्षेत्र में निगरानी एवं गश्त कर तस्करी के प्रयासों को विफल कर रहे हैं। सीमा क्षेत्र को सुरक्षित, अपराधमुक्त एवं तस्करी मुक्त बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।”

