सेंदुआर पंचायत में सहयोग शिविर का सफल आयोजन,ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान को लेकर उमड़ी भीड़
सेंदुआर पंचायत में सहयोग शिविर का सफल आयोजन,ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान को लेकर उमड़ी भीड़
एन बाबा की रिपोर्ट

करगहर(रोहतास)करगहर प्रखंड अंतर्गत सेंदुआर पंचायत में मंगलवार को सहयोग शिविर का भव्य आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए। शिविर का शुभारंभ पंचायत के मुखिया अशोक कुमार सिंह,बीओ मनोज कुमार तथा आरओ अनिल रंजन दुबे द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। शिविर में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे। सहयोग शिविर में विद्युत विभाग,थाना एवं पुलिस प्रशासन,स्वास्थ्य विभाग,बाल विकास परियोजना,जिला उद्योग केंद्र सहित कई महत्वपूर्ण विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों को अधिकारियों के समक्ष रखा। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।जबकि अन्य आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन के स्टॉल पर भी लोगों ने सुरक्षा,भूमि विवाद एवं अन्य मामलों से जुड़े आवेदन दिए। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
सेंदुआर पंचायत में आयोजित इस सहयोग शिविर को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, बुजुर्ग एवं युवा अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है तथा समस्याओं के समाधान में तेजी आती है।

मुखिया अशोक कुमार सिंह ने कहा कि पंचायत स्तर पर ऐसे सहयोग शिविरों का उद्देश्य आम लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। शिविर के सफल आयोजन में पंचायत प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे कार्यक्रम पूरी तरह सफल रहा।



