रोहतास के बड्डी गांव पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी,भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप के घर पहुंचकर दी शुभकामनाएं

रोहतास के बड्डी गांव पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी,भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप के घर पहुंचकर दी शुभकामनाएं

एन बाबा की रिपोर्ट
सासाराम(रोहतास)जिले के बड्डी गांव में मंगलवार को उस समय उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला,जब बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप के पैतृक आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर गांव में विशेष तैयारियां की गई थीं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अपने चहेते क्रिकेट स्टार एवं मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए मौजूद रहे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें आगामी वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान आकाशदीप ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए आकाशदीप को उज्ज्वल भविष्य और सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। आकाशदीप आज भारतीय क्रिकेट जगत का एक उभरता हुआ नाम हैं। अपनी तेज गेंदबाजी और शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने भारतीय टीम में जगह बनाई है तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार और रोहतास का नाम रौशन किया है। संघर्षों से भरे जीवन से निकलकर राष्ट्रीय टीम तक पहुंचने की उनकी कहानी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत मानी जाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आकाशदीप जैसे खिलाड़ी बिहार की प्रतिभा,मेहनत और संकल्प का प्रतीक हैं।उन्होंने युवाओं से खेलों में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री के आगमन से बड्डी गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और ग्रामीणों ने इसे अपने क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।

Related Articles

Back to top button