टीबी मुक्त भारत अभियान को मिली मजबूती, सीएचसी शंकरपुर में मरीजों के बीच वितरित हुआ फूड बास्केट

टीबी मुक्त भारत अभियान को मिली मजबूती, सीएचसी शंकरपुर में मरीजों के बीच वितरित हुआ फूड बास्केट


जे टी न्यूज़, शंकरपुर (मधेपुरा) : टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरपुर में टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जी. के. दिनकर एवं भारतीय स्टेट बैंक शंकरपुर के शाखा प्रबंधक राजेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से मरीजों को फूड बास्केट प्रदान कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जी. के. दिनकर ने कहा कि टीबी का इलाज नियमित दवा के साथ-साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार से ही प्रभावी होता है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2026 तक देश को टीबी मुक्त बनाना है, जिसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने मरीजों से चिकित्सकों की सलाह के अनुसार नियमित दवा लेने तथा पौष्टिक भोजन का सेवन करने की अपील की।डॉ. जी. के. दिनकर ने सभी इच्छुक पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्त्ता से अपील की कि वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरपुर पहुंचकर टीबी मरीजों को गोद लेने एवं उन्हें पोषण सहायता उपलब्ध कराने के इस जनकल्याणकारी अभियान से जुड़ें, ताकि टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को शीघ्र हासिल किया जा सके।
एसबीआई शंकरपुर के शाखा प्रबंधक राजेंद्र कुमार ने कहा कि सामाजिक सरोकार के तहत बैंक समय-समय पर जनहित के कार्यों में सहयोग करता रहा है। टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराना एक मानवीय पहल है, जिससे उनके स्वास्थ्य में सुधार होगा और वे जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सभी लाभार्थियों को पौष्टिक खाद्य सामग्री से युक्त फूड बास्केट उपलब्ध कराया गया तथा टीबी के प्रति जागरूक रहते हुए नियमित उपचार पूरा करने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button