नंगे तार ने उजाड़ दिया परिवार, करंट से एक फर्नीचर मिस्त्री की मौत
नंगे तार ने उजाड़ दिया परिवार, करंट से एक फर्नीचर मिस्त्री की मौत

जे टी न्यूज, पुरैनी (मधेपुरा):
थाना क्षेत्र के औराय पंचायत स्थित औराय वार्ड संख्या 11 में बुधवार शाम बिजली के नंगे तार की चपेट में आने से एक फर्नीचर मिस्त्री की मौत हो गई। हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को पलभर में उजाड़ दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गया है, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। मृतक की पहचान खेरहो वार्ड संख्या 16 निवासी वकील मिस्त्री के 28 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार नीतीश पिछले करीब पांच वर्षों से औराय गोठ बस्ती निवासी पूर्व मुखिया मोहम्मद मुस्ताक के यहां फर्नीचर निर्माण का कार्य कर रहा था। बुधवार को भी वह रोज की तरह काम पर पहुंचा था। शाम करीब साढ़े चार बजे उसने अपनी बाइक धोई, जिससे उसके कपड़े और शरीर भी भीग गए। इसके बाद वह दोबारा काम में जुट गया। इसी दौरान उसका पैर वहां पड़े बिजली के नंगे तार पर पड़ गया और वह तेज करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। साथ में काम कर रहे कारीगरों ने तत्काल बिजली की आपूर्ति बंद कर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना पर थानाध्यक्ष रितेश कुमार, एसआई दीनानाथ सिंह, एसआई जयलाल राम एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों ने बताया कि नीतीश मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वर्ष 2022 में उसकी शादी हुई थी। उसके दो वर्षीय पुत्र गोलू कुमार और छह माह की पुत्री परी कुमारी हैं। अचानक हुई इस दुर्घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि करंट लगने से युवक की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। आवेदन मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
