मधेपुरा में बेखौफ बदमाशों ने युवक को मारी दो गोली, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
मधेपुरा में बेखौफ बदमाशों ने युवक को मारी दो गोली, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

जे टी न्यूज, मुरलीगंज, मधेपुरा :
मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दिनापट्टी सखुआ
पंचायत में बुधवार को बेखौफ
अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल युवक की पहचान सखुआ वार्ड संख्या-10 निवासी फूलचंद पासवान के 24 वर्षीय पुत्र दिलखुश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने आनन-फानन में उसे मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल की पत्नी लवली देवी ने बताया कि घटना से पहले पांच-छह की संख्या में बदमाश उनके घर पहुंचे और दिलखुश के बारे में पूछताछ की। परिवार वालों ने बताया कि वह नहर की ओर गया है। इसके बाद सभी बदमाश नहर की तरफ चले गए। शंका होने पर परिजन भी उनके पीछे-पीछे पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश दिलखुश के साथ मारपीट शुरू कर चुके थे।

विरोध करने पर अपराधियों ने उसे गोली मार दी और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। परिजनों के अनुसार, दिलखुश कुमार को दो गोलियां लगी हैं, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल व उसके परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।


