गडकरी से मिले पप्पू यादव, एसपी सिंगला की सभी परियोजनाओं की जांच की मांग
गडकरी से मिले पप्पू यादव, एसपी सिंगला की सभी परियोजनाओं की जांच की मांग

जे टी न्यूज़, नई दिल्ली : राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, सांसद पूर्णिया ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर भागलपुर के सुल्तानगंज और खगड़िया के अगुवानी घाट के बीच निर्माणाधीन फोरलेन पुल के लगातार तीन बार ध्वस्त होने के मामले को गंभीरता से उठाया। उन्होंने निर्माण एजेंसी एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड की सभी परियोजनाओं की स्वतंत्र जांच तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग करते हुए विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
पप्पू यादव ने कहा कि उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली यह महत्वपूर्ण परियोजना वर्षों से अधूरी है। लगभग 3.16 किलोमीटर लंबे इस पुल को वर्ष 2013 में स्वीकृति मिली थी तथा 2015 में इसका शिलान्यास हुआ। करीब 1,710 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना निर्धारित समय में पूरी नहीं हो सकी और निर्माण के दौरान 2022, 2023 और 2024 में पुल के हिस्से गिरने की घटनाओं ने निर्माण गुणवत्ता और तकनीकी निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
ज्ञापन में सांसद ने उल्लेख किया कि संबंधित निर्माण एजेंसी बिहार में नया महात्मा गांधी सेतु, आरा-छपरा पुल, औंटा-सिमरिया पुल सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने वर्ष 2020 में पटना के लोहिया चक्र पथ परियोजना में कंक्रीट स्लैब गिरने से हुई तीन बच्चों की मौत का भी जिक्र करते हुए कहा कि समय पर कठोर कार्रवाई होती तो बाद की घटनाओं को रोका जा सकता था।
सांसद ने केंद्रीय मंत्री से मांग की कि एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन के डिबारमेंट से जुड़े आधिकारिक दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं, सुल्तानगंज-अगुवानी पुल की तीनों दुर्घटनाओं तथा लोहिया चक्र पथ हादसे की तकनीकी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। साथ ही बिहार में कंपनी द्वारा संचालित सभी परियोजनाओं की स्वतंत्र गुणवत्ता एवं संरचनात्मक सुरक्षा जांच कराई जाए तथा संशोधित लागत और परियोजना की नई समय-सीमा की स्थिति भी सार्वजनिक की जाए।
पप्पू यादव ने कहा कि एक ही परियोजना का निर्माणाधीन अवस्था में तीन बार ध्वस्त होना केवल तकनीकी विफलता नहीं, बल्कि जवाबदेही व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्न खड़ा करता है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से पूरे मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि विकास परियोजनाओं में जनता का विश्वास कायम रहे।

