मेरे अभिभावक, मार्गदर्शक और आत्मीय सहयोगी प्रो. अजीत कुमार मेहता अब हमारे बीच नहीं रहे
उनके सान्निध्य में बिताए जीवन के अनगिनत क्षण मेरी स्मृतियों में सदैव जीवित रहेंगे : दुर्गा प्रसाद सिंह
मेरे अभिभावक, मार्गदर्शक और आत्मीय सहयोगी प्रो. अजीत कुमार मेहता अब हमारे बीच नहीं रहे
उनके सान्निध्य में बिताए जीवन के अनगिनत क्षण मेरी स्मृतियों में सदैव जीवित रहेंगे : दुर्गा प्रसाद सिंह

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: अत्यंत भारी मन और गहरी पीड़ा के साथ यह लिख रहा हूं कि मेरे अभिभावक, मार्गदर्शक, सुधारक और हर परिस्थिति में सहयोग करने वाले आदरणीय प्रो. अजीत कुमार मेहता जी अब हमारे बीच नहीं रहे। समस्तीपुर जिले के फतेहपुर बाला निवासी प्रो. मेहता जी ने रात लगभग दो बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन का समाचार मेरे लिए केवल एक आत्मीय व्यक्ति को खोने का समाचार नहीं है, बल्कि जीवन में उस मजबूत सहारे के समाप्त हो जाने जैसा है, जिसने समय-समय पर मुझे दिशा दी, गलतियों को सुधारा और हर कठिन परिस्थिति में मेरा साथ दिया।
प्रो. अजीत कुमार मेहता जी का नाम समस्तीपुर की राजनीति में किसी परिचय का मोहताज नहीं है। वे ऐसे जनप्रतिनिधि थे, जिन्होंने अपनी विद्वता, योग्यता, राजनीतिक समझ और सादगीपूर्ण व्यक्तित्व से अलग पहचान बनाई। एक ही संसदीय क्षेत्र से चार बार लोकसभा के लिए निर्वाचित होना उनकी राजनीतिक लोकप्रियता और जनविश्वास का प्रमाण है।
उनकी राजनीतिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण अध्याय जननायक कर्पूरी ठाकुर जी से जुड़ा हुआ है। वर्ष 1977 के लोकसभा चुनाव में समस्तीपुर संसदीय क्षेत्र से जननायक कर्पूरी ठाकुर जी निर्वाचित हुए थे। बाद में जब वे बिहार के मुख्यमंत्री बने, तब उन्होंने प्रो. अजीत कुमार मेहता जी को अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी बनाया। उस समय मेहता जी रांची स्थित बी.आई.टी. मेसरा में प्राध्यापक थे। एक शिक्षाविद् को राजनीति में आगे बढ़ाने का कर्पूरी जी का निर्णय उनके व्यक्तित्व और क्षमता पर विश्वास का परिचायक था।
वर्ष 1978 में समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव में प्रो. मेहता जी ने जीत हासिल की। इस चुनाव में उनकी प्रतिद्वंद्वी तारकेश्वरी सिन्हा थीं। इसके बाद वर्ष 1980 में जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में वे पुनः लोकसभा पहुंचे। उस चुनाव में के.के. मंडल उनके प्रतिद्वंद्वी थे। वर्ष 1996 में जनता दल के टिकट पर उन्होंने फिर जीत दर्ज की और वर्ष 1998 में राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी के रूप में एक बार फिर समस्तीपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए लोकसभा पहुंचे। इस प्रकार चार बार एक ही संसदीय क्षेत्र से सांसद चुने जाने का गौरव उन्हें प्राप्त हुआ।
संसद में भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। जनता पार्टी के सचेतक के पद पर कार्य करने के साथ-साथ वे सार्वजनिक उपक्रम समिति, प्राक्कलन समिति, लोक लेखा समिति, मानव संसाधन विकास समिति तथा याचिका समिति जैसी महत्वपूर्ण संसदीय समितियों से जुड़े रहे। उनका संसदीय अनुभव और राजनीतिक ज्ञान व्यापक था। ग्रामीण विकास, ग्रामीण क्षेत्रों में औद्योगिकीकरण तथा वंचित वर्गों के उत्थान से जुड़े विषयों में भी उनकी विशेष रुचि रही। वर्ष 1980 से 1986 तक अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा के अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने अपनी भूमिका निभाई।
लेकिन मेरे लिए प्रो. मेहता जी की पहचान केवल चार बार के सांसद, विद्वान प्राध्यापक अथवा अनुभवी राजनेता की नहीं थी। मेरे लिए वे एक अभिभावक थे। उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी विशेषता उनकी सादगी, सत्यवादिता, स्पष्ट सोच और अपनापन था। इतने बड़े राजनीतिक अनुभव और प्रतिष्ठा के बावजूद उनके भीतर न तो अहंकार था और न ही दिखावे का भाव। वे जिस सहजता से लोगों से मिलते थे, जिस आत्मीयता से उनकी बातें सुनते थे और जिस तत्परता से उनकी सहायता करते थे, वह आज के सार्वजनिक जीवन में बहुत कम देखने को मिलता है।
उनके साथ रहने, उनके निजी सचिव एवं सहायक के रूप में कार्य करने और उनके सान्निध्य में जीवन के अनेक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मुझे मिला। उनके साथ बिताए गए दिन मेरे जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। वे केवल काम करने का तरीका नहीं बताते थे, बल्कि जीवन को समझने की दृष्टि भी देते थे। जब कभी कोई गलती होती, तो वे सुधार करते, समझाते और आगे बढ़ने का रास्ता दिखाते थे। उनका मार्गदर्शन मेरे लिए हमेशा एक अभिभावक के स्नेह जैसा रहा। मैं उनके सान्निध्य में जीने की उस अनुभूति को जीवन भर नहीं भूल सकूंगा।
उनके पारिवारिक जीवन और आत्मीय संबंधों का उल्लेख किए बिना उनकी स्मृतियां अधूरी रहेंगी। उनके पुत्र मनोज कुमार मेहता जी, बड़ी पुत्री मृणालिनी मेहता जी तथा छोटी पुत्री मनीषा मेहता जी थीं, जिनका पहले ही निधन हो चुका है। परिवार की अगली पीढ़ी से भी उनका गहरा लगाव था। उनकी नतिनी गुड़िया से उनका विशेष स्नेह था।
उनके अंतिम समय का दृश्य मन को भीतर तक द्रवित कर देने वाला है। रात लगभग दो बजे जब उनकी सांसें थमने लगीं, उस समय उनके पास संतोष कुमार चौधरी जी मौजूद थे। संतोष जी उनके लिए केवल सहयोगी नहीं थे, बल्कि पुत्र से भी बढ़कर उनकी सेवा और देखभाल करने वाले आत्मीय व्यक्ति थे। उन्होंने हर परिस्थिति में मेहता जी का साथ दिया और अंतिम क्षण तक उनके पास खड़े रहे। उस समय उनकी प्यारी नतिनी गुड़िया ने उन्हें गंगाजल पिलाया। इसके बाद उनकी सांसें सदा के लिए ठहर गईं। यह दृश्य परिवार और उनके निकट रहे सभी लोगों के लिए जीवन भर न भूल पाने वाली स्मृति बन गया है।
संतोष कुमार चौधरी जी के साथ जुड़ी एक पुरानी स्मृति भी आज मन में बार-बार आ रही है। विनोबा जी, अर्थात् परमानंद चौधरी जी के कहने पर जब मैं पहली बार संतोष जी को दिल्ली लेकर आया था, वह शनिवार का दिन था। आज जब मेहता साहब के जीवन का यह अंतिम अध्याय समाप्त हुआ, तब भी शनिवार ही था। समय का यह संयोग मन को और भी भावुक कर देता है। संतोष जी ने जिस निष्ठा, प्रेम और समर्पण से उनकी सेवा की, वह अपने आप में अनुकरणीय है।
मेहता साहब, आप तो चले गए, लेकिन आपके साथ बिताए गए दिन, आपकी बातें, आपका स्नेह, आपका मार्गदर्शन और आपका अपनापन मेरे जीवन का हिस्सा बनकर हमेशा रहेंगे। आपने मुझे केवल काम करना नहीं सिखाया, बल्कि जीवन में सादगी, ईमानदारी और आत्मीयता का महत्व भी समझाया। आपने समय-समय पर मुझे सुधारा, संभाला और हर तरह से मदद की। आज आपके जाने के बाद ऐसा लग रहा है जैसे सिर से एक अभिभावक का हाथ उठ गया हो।
आपके जाने से समस्तीपुर ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि खोया है, राजनीति ने एक विद्वान और सादगीप्रिय व्यक्तित्व खोया है तथा मैंने अपना अभिभावक, मार्गदर्शक और आत्मीय सहयोगी खो दिया है।
मेहता साहब, आपके साथ बिताए गए जीवन के उन अनमोल क्षणों को मैं कभी नहीं भूल सकूंगा। आप भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन आपकी स्मृतियां, आपका स्नेह और आपका मार्गदर्शन हमेशा मेरे साथ रहेगा।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों, मित्रों, शुभचिंतकों और हम सभी को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।
भावभीनी श्रद्धांजलि एवं अश्रुपूर्ण विदाई।
दुर्गा प्रसाद सिंह
पूर्व विधायक, उजियारपुर
प्रो. अजीत कुमार मेहता के पूर्व निजी सचिव एवं सहयोगी