17 जुलाई को समाहरणालय में वित्त रहित शिक्षकों का महाधरना,वेतनमान और अधिग्रहण समेत कई मांगों को लेकर होगा प्रदर्शन
भागलपुर में माध्यमिक, इंटरमीडिएट व डिग्री कॉलेजों के शिक्षक-कर्मचारी एकजुट होंगे, राजनीति से ऊपर उठकर शामिल होने की अपील
17 जुलाई को समाहरणालय में वित्त रहित शिक्षकों का महाधरना,वेतनमान और अधिग्रहण समेत कई मांगों को लेकर होगा प्रदर्शन
भागलपुर में माध्यमिक, इंटरमीडिएट व डिग्री कॉलेजों के शिक्षक-कर्मचारी एकजुट होंगे, राजनीति से ऊपर उठकर शामिल होने की अपील
जे टी न्यूज,
भागलपुर : वित्त रहित माध्यमिक, इंटरमीडिएट एवं डिग्री कॉलेजों के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर 17 जुलाई 2026 को भागलपुर जिला समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना देंगे। यह धरना पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस सेवा दल के संजय कुमार यादव करेंगे।
आयोजित धरना कार्यक्रम की जानकारी देते हुए वित्त रहित शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी जिला इकाई, भागलपुर के अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी, भागलपुर के शिक्षक प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि वर्षों से लंबित मांगों के समाधान के लिए यह आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आंदोलन की प्रमुख मांगों में वित्त रहित माध्यमिक, इंटरमीडिएट एवं डिग्री कॉलेजों का अधिग्रहण, अनुदान व्यवस्था समाप्त कर नियमित वेतनमान लागू करना, सेवानिवृत्त शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों के लिए पेंशन योजना लागू करना तथा बकाया अनुदान का एकमुश्त भुगतान शामिल है।
डॉ. सिंह ने जिले के सभी वित्त रहित शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों से अपील की है कि वे किसी भी दलगत विचारधारा, मतभेद या मनभेद से ऊपर उठकर अपने अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा के लिए इस धरना कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि वित्त रहित शिक्षकों और कर्मचारियों के सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और भविष्य से जुड़ा आंदोलन है। इसलिए सभी संगठनों और सभी विचारधाराओं के शिक्षक-कर्मचारियों को एकजुट होकर अपनी मांगों की आवाज बुलंद करनी चाहिए।


