एम. के. कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य प्रो. जवाहर लाल झा के निधन पर शोक सभा आयोजित
एम. के. कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य प्रो. जवाहर लाल झा के निधन पर शोक सभा आयोजित

जे टी न्यूज, दरभंगा: स्थानीय महारानी कल्याणी महाविद्यालय, लहेरियासराय, दरभंगा में महाविद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य प्रो. जवाहर लाल झा के आकस्मिक निधन पर एक शोक सभा का आयोजन प्रधानाचार्य डॉ. मो. रहमतुल्लाह की अध्यक्षता में किया गया। शोक सभा में महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण किया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रधानाचार्य डॉ. मो. रहमतुल्लाह ने कहा कि महाविद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य प्रो. जवाहर लाल झा के हृदय गति रुक जाने से आकस्मिक निधन की दुखद सूचना प्राप्त होने से पूरा महाविद्यालय परिवार मर्माहत है। प्रो. झा के निधन से महाविद्यालय ने अपने एक अनुभवी अभिभावक, कुशल प्रशासक एवं मार्गदर्शक को खो दिया है। उनके व्यक्तित्व की सरलता, सहजता एवं कर्मठता सदैव स्मरणीय रहेगी।
उन्होंने कहा कि प्रो. जवाहर लाल झा ने 22 मई 2014 से 24 दिसंबर 2014 तक महाविद्यालय के प्रधानाचार्य के रूप में अपनी सेवाएँ दीं। अल्प अवधि के कार्यकाल में भी उन्होंने महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में लिए गए अनेक निर्णय एवं किए गए प्रयास महाविद्यालय के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहे। उनका कार्यकाल महाविद्यालय के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में सदैव स्मरण किया जाएगा। उनका निधन महाविद्यालय परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
शोक सभा में उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी प्रो. जवाहर लाल झा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेहिल व्यवहार, सरल व्यक्तित्व, प्रशासनिक अनुभव एवं मार्गदर्शन लंबे समय तक सभी के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक-संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।
महाविद्यालय परिवार ने प्रो. जवाहर लाल झा के निधन पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. रंजन कु. ठाकुर, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रीता कुमारी, खेल प्रभारी डॉ. सुरेश चन्द्र, परीक्षा नियंत्रक डॉ. आलोक प्रभात, उप-परीक्षा नियंत्रक डॉ. अभय कुमार सहित सभी शिक्षक व प्रधान सहायक कन्हाई कुमार चौधरी, सहायक शेखर कुमार चौधरी, सुमन कुमार झा, राकेश कुमार ठाकुर, अविनाश कुमार सिंह सहित सभी कर्मी उपस्थित रहे।

