नहीं थम रहा बिहार की सड़कों पर शर्मनाक हरकत! जमुई के बाद समस्तीपुर में लड़की से अभद्रता, 4 गिरफ्तार।
नहीं थम रहा बिहार की सड़कों पर शर्मनाक हरकत! जमुई के बाद समस्तीपुर में लड़की से अभद्रता, 4 गिरफ्तार।

जेटीन्यूज
समस्तीपुर : एक बार फिर बिहार की धरती शर्मशार हो रही है। बिहार में जमुई के बाद अब समस्तीपुर में एक लड़की के साथ अभद्रता हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंह से जुड़े इस वीडियो में कुछ युवक लड़की के साथ अभद्र व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी।पुलिस टीम ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। कर्पूरीग्राम थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष नीतू कुमारी ने बताया कि जगतसिंहपुर बांध इलाके में दिनदहाड़े कुछ लोगों के एक समूह द्वारा एक लड़की को परेशान करने का वीडियो वायरल होने के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, पुलिस पदाधिकारी के बयान पर कर्पूरीग्राम थाना कांड संख्या 117/26,24 सितंबर 2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की सुसंगत धाराएं लगाई गई हैं।

पुलिस ने सूचना मिलने के करीब 6 घंटे के भीतर सभी 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और अवधेश पासवान के रूप में हुई है। समस्तीपुर पुलिस ने मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले किसी भी फोटो, वीडियो या अन्य कंटेंट को शेयर न करें।