इग्नू पीएचडी प्रवेश परीक्षा 11 अक्टूबर को, पटना में मौलाना मजहरुल हक विश्वविद्यालय बना परीक्षा केंद्र
इग्नू पीएचडी प्रवेश परीक्षा 11 अक्टूबर को, पटना में मौलाना मजहरुल हक विश्वविद्यालय बना परीक्षा केंद्र

जे टी न्यूज, पटना: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के जुलाई 2026 सत्र के पीएचडी कार्यक्रम में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा देशभर में निर्धारित केंद्रों पर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। परीक्षा वस्तुनिष्ठ प्रश्नों पर आधारित होगी।
पटना में पीएचडी प्रवेश परीक्षा के लिए मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय, पटना को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां केंद्र संख्या 05-00A के अंतर्गत परीक्षा आयोजित होगी। अभ्यर्थियों की संभावित संख्या को देखते हुए परीक्षा केंद्र पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र पटना के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. ई. कृष्णराव ने बुधवार को प्रेस ब्रीफिंग में परीक्षा की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर सीटिंग प्लान प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे परीक्षार्थी केंद्र पर पहुंचते ही अपनी निर्धारित सीट की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पर्याप्त पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की। डॉ. कृष्णराव ने कहा कि समय से पहुंचने पर प्रवेश, सीटिंग और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने में सुविधा होगी।
क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आसिफ इकबाल ने कहा कि पीएचडी प्रवेश परीक्षा शोध एवं उच्च शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ने वाले अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण चरण है। क्षेत्रीय केंद्र परीक्षा के व्यवस्थित और पारदर्शी संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां कर रहा है।
उन्होंने परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र और आवश्यक पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाने तथा परीक्षा केंद्र पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी।
प्रेस ब्रीफिंग के दौरान सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. नीलू शर्मा सहित क्षेत्रीय केंद्र पटना के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था और परीक्षा के सुचारु संचालन से जुड़ी तैयारियों की जानकारी साझा की