सहरसा राजद जिलाध्यक्ष पद पर डॉ. सुमंत राव की दावेदारी

शिक्षाविदों की बैठक में उठा नाम, तेजस्वी यादव समेत वरीय नेतृत्व को सामूहिक पत्र भेजने का निर्णय

सहरसा राजद जिलाध्यक्ष पद पर डॉ. सुमंत राव की दावेदारी

शिक्षाविदों की बैठक में उठा नाम, तेजस्वी यादव समेत वरीय नेतृत्व को सामूहिक पत्र भेजने का निर्णय

जे टी न्यूज, सहरसा:
राष्ट्रीय जनता दल के सहरसा जिलाध्यक्ष पद को लेकर डॉ. सुमंत राव उर्फ बबलु सम्राट के नाम पर शिक्षाविदों के बीच चर्चा तेज हो गई है। सहरसा में आयोजित शिक्षाविदों की बैठक में उनके नाम पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से डॉ. सुमंत राव को जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी के लिए विचार करने का आग्रह करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि आरएम कॉलेज, सहरसा के प्राध्यापक सह जन सेव द डेमोक्रेसी (जेएसडी) के निदेशक डॉ. सुमंत राव छात्र जीवन से ही सामाजिक एवं लोकतांत्रिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। उनके पटना विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति से जुड़े अनुभव के साथ शिक्षा, सामाजिक सरोकार और लोकतांत्रिक गतिविधियों में सक्रियता का भी उल्लेख किया गया।
शिक्षा, समाज और संगठन से जुड़ाव का दिया हवाला
शिक्षाविदों ने कहा कि जिला संगठन के नेतृत्व को लेकर डॉ. सुमंत राव के नाम पर चर्चा का प्रमुख आधार उनका शिक्षण कार्य के साथ सामाजिक मुद्दों से जुड़ाव है। बैठक में समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों के शैक्षणिक एवं सामाजिक उत्थान से जुड़े मुद्दों को उठाने में उनकी भूमिका का भी उल्लेख किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि जिलाध्यक्ष पद के लिए उपलब्ध दावेदारों के बीच डॉ. सुमंत राव के नाम पर भी पार्टी नेतृत्व द्वारा गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। इसके लिए उनके नाम को स्पष्ट और संगठित प्रस्ताव के रूप में शीर्ष नेतृत्व के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया।
तेजस्वी समेत वरीय नेताओं को भेजेंगे सामूहिक पत्र
बैठक में निर्णय लिया गया कि पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राजद के वरिष्ठ नेता तेजस्वी प्रसाद यादव समेत पार्टी के अन्य वरीय नेताओं को सामूहिक पत्र भेजकर डॉ. सुमंत राव उर्फ बबलु सम्राट की दावेदारी से अवगत कराया जाएगा।


बैठक में कहा गया कि जिला संगठन के नेतृत्व के चयन में सामाजिक पहुंच, संगठनात्मक सक्रियता, शिक्षा जगत से संवाद तथा जमीनी मुद्दों से जुड़ाव जैसे पहलुओं पर विचार किया जाना चाहिए।
दर्जनों शिक्षाविद रहे मौजूद
बैठक में डॉ. आलोक झा, डॉ. श्वेता पासवान, डॉ. प्रतिभा कपाही, डॉ. अक्षय चौधरी, डॉ. संजय कुमार सिंह, डॉ. हन्नी सिन्हा, डॉ. कमलाकांत झा, डॉ. डेजी कुशवाहा, डॉ. रुद्र किंकर, डॉ. अखिलेश मिश्रा, डॉ. लक्ष्मण यादव, डॉ. गौतम कुमार, डॉ. सुप्रिया कश्यप, कविता कुमारी, स्वाति प्रिया सहित दर्जनों शिक्षाविद मौजूद रहे।
बैठक के अंत में डॉ. सुमंत राव उर्फ बबलु सम्राट के नाम को सहरसा राजद जिलाध्यक्ष पद के लिए शीर्ष नेतृत्व के समक्ष रखने तथा उनकी दावेदारी पर विचार करने की मांग की गई।

Related Articles

Back to top button