जन समाधान दिवस पर 54 आवेदनों की सुनवाई, संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश
जन समाधान दिवस पर 54 आवेदनों की सुनवाई, संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश
जे टी न्यूज़, खगड़िया : समाहरणालय स्थित मुख्य सभाकक्ष में जिलाधिकारी, खगड़िया विक्रम विरकर की अध्यक्षता में जन समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान आम नागरिकों से प्राप्त कुल 54 आवेदनों की सुनवाई की गई।
जिलाधिकारी ने आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। प्राप्त आवेदन राजस्व शाखा, भूमि विवाद, नगर निकाय, विद्युत, सामाजिक सुरक्षा, दिव्यांगजन कल्याण, महिला एवं बाल विकास, कोषागार सहित विभिन्न विभागों से संबंधित थे।
जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, खगड़िया एवं गोगरी, सभी अंचल अधिकारियों, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद खगड़िया, कार्यपालक अभियंता, विद्युत , जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समेकित बाल विकास सेवाएं), प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम, भूमि सुधार उप समाहर्ता, खगड़िया एवं गोगरी, प्रभारी सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने जन समाधान दिवस में आने वाले नागरिकों के लिए सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने पर भी बल दिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लें तथा निष्पादन की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न होने दें।

