महाष्टमी के अवसर पर जिलाधिकारी ने पूजा पंडालों एवं प्रमुख मंदिरों का किया निरीक्षण

विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

महाष्टमी के अवसर पर जिलाधिकारी ने पूजा पंडालों एवं प्रमुख मंदिरों का किया निरीक्षण

विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

श्रद्धालुओं से अपील—भीड़ में धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखें, अफवाहों से बचें और प्रशासन का सहयोग करें

जे टी न्यूज, खगड़िया: महाष्टमी के पावन अवसर पर जिलाधिकारी, खगड़िया विक्रम विरकर ने जिले में दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने संहौली दुर्गा मंदिर एवं माँ कात्यायनी मंदिर सहित अन्य प्रमुख पूजा स्थलों का भ्रमण किया। संहौली दुर्गा मंदिर में उन्होंने माँ दुर्गा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़, आवागमन, प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा संबंधी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता बरतने तथा पूजा स्थलों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पूजा पंडालों एवं प्रमुख पूजा स्थलों पर भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा आवश्यकता के अनुसार भीड़ प्रबंधन के प्रभावी उपाय किए जाएँ। प्रवेश एवं निकास मार्गों को बाधामुक्त रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्ती एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएँ, जिससे श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा के निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियाँ रखने तथा संबंधित कर्मियों को सजग एवं तत्पर रहने का निर्देश दिया। साथ ही, पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाए रखने और किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने जिलेवासियों को महाष्टमी की शुभकामनाएँ देते हुए श्रद्धालुओं से अपील की कि वे शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा-अर्चना करें तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान सभी की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने में प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है।

जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से विशेष रूप से अपील की कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखें, धक्का-मुक्की न करें तथा निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें। बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और न ही अपुष्ट सूचनाओं को प्रसारित करें। किसी संदिग्ध गतिविधि, अव्यवस्था अथवा आपात स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल मौके पर तैनात प्रशासनिक या पुलिस कर्मियों को सूचित करें।

जिला प्रशासन द्वारा दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन सभी जिलेवासियों से अपील करता है कि आपसी सौहार्द, सहयोग एवं जिम्मेदारी के साथ पर्व मनाएँ, ताकि दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Related Articles

Back to top button