विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाना प्रधानाचार्य और प्रबंध समिति की सामूहिक जिम्मेदारी : विजय खेमका

विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाना प्रधानाचार्य और प्रबंध समिति की सामूहिक जिम्मेदारी : विजय खेमका

जे टी न्यूज, पूर्णिया: विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्णिया पूर्व प्रखंड स्थित बीआरसी सभागार में शिक्षा विभाग की ओर से उच्च विद्यालय प्रबंध समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक विजय खेमका ने विद्यालयों के विकास, शैक्षणिक व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की।
विधायक ने कहा कि विद्यालय शिक्षा का मंदिर है। यहां बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना प्रधानाचार्य और प्रबंध समिति की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकारी विद्यालयों में संसाधनों की उपलब्धता के साथ उनका सही उपयोग कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने आपसी समन्वय से विद्यालयों को आदर्श बनाने और उनके कायाकल्प का आह्वान किया।
बैठक में पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के 22 उच्च विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंध समिति से जुड़े शिक्षा प्रेमियों ने विद्यालयों की समस्याओं और विकास से संबंधित सुझाव रखे। विधायक ने अर्धनिर्मित एवं पूर्णनिर्मित विद्यालय भवनों को शीघ्र विद्यालयों को हस्तांतरित कराने का निर्देश डीपीओ को दिया। साथ ही प्रशासनिक स्तर पर विद्यालयों की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
डीपीओ ने सभी प्रधानाचार्यों को कायाकल्प अभियान के तहत रंग-रोगन सहित निर्धारित कार्य 30 दिसंबर तक पूरा करने तथा विभागीय नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में डीपीओ ने विधायक विजय खेमका को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर 22 उच्च विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रबंध समिति के सदस्य एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button