नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की जरूरत : न्यायाधीश डॉ. श्याम नाथ साह

कोशी प्रहरी सुपौल के तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, दीप प्रज्वलित कर

नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की जरूरत : न्यायाधीश डॉ. श्याम नाथ साह

कोशी प्रहरी सुपौल के तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, दीप प्रज्वलित कर हुआ उद्घाटन

जे टी न्यूज, सुपौल: नशा मुक्त समाज और स्वस्थ भारत के निर्माण के उद्देश्य से कोशी प्रहरी सुपौल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल के सहयोग से नालसा (DAWN) योजना के अंतर्गतउत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय मरौना एव लालेश्वर नाथ हाई स्कूल भलुआही मरौना में नशा मुक्त जागरूकता एवं कल्याण नेविगेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों को उचित परामर्श, कानूनी सहायता एवं पुनर्वास से जोड़ना था।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि व्यवहार न्यायालय निर्मली के अवर न्यायाधीश डॉ. श्याम नाथ साह, विशिष्ट अतिथि दूरदर्शन प्रतिनिधि प्रमोद कुमार यादव, यूनिसेफ जिला समन्वयक अशोक कुमार मरौना थाना अध्यक्ष तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य अब्दुल मलिक नोमानी, बार एसोसिएशन प्रतिनिधि चंद्रमोहन आचार्य माय भारत के स्वयसेवक रंजु कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि न्यायाधीश डॉ. श्याम नाथ साह ने अपने संबोधन में कहा कि नशा आज समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुका है। इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवा पीढ़ी और विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसके लिए सामाजिक जागरूकता, सामूहिक प्रयास और परिवार का सहयोग भी जरूरी है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों की ओर आगे बढ़ना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि दूरदर्शन प्रतिनिधि प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। समाचार पत्र, दूरदर्शन एवं अन्य संचार माध्यमों के जरिए लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को नशा मुक्त भारत के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। विशेषकर युवाओं को इस अभियान का हिस्सा बनकर अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए।
मरौना थाना अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति को अपराध, आर्थिक संकट और सामाजिक बुराइयों की ओर धकेल सकता है। इसलिए अभिभावकों, शिक्षकों एवं समाज के प्रबुद्ध लोगों को बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान देने के साथ उन्हें सही मार्गदर्शन देना चाहिए। नशे से संबंधित समस्याओं की रोकथाम के लिए पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अब्दुल मलिक नोमानी ने कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य देश का भविष्य है। विद्यालयों में नशा मुक्ति से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना समय की मांग है। बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी जानी चाहिए, ताकि वे जीवन में कभी भी नशे की ओर आकर्षित न हों।
कार्यक्रम में नालसा की DAWN (Drug Awareness and Wellness Navigation) योजना के उद्देश्यों पर भी प्रकाश डाला गया। इसके माध्यम से नशे के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता बढ़ाने, जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने, परामर्श (काउंसलिंग), नशा मुक्ति एवं पुनर्वास सहायता तथा सामाजिक पुनर्स्थापन के लिए लोगों को उचित मार्गदर्शन देने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों से नशे से दूर रहने, दूसरों को भी जागरूक करने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।


कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट था—नशे को कहें ना, जीवन को चुनें और जरूरतमंदों को सहायता से जोड़ें।
इस अवसर पर कोशी प्रहरी सुपौल के सचिव रामचंद्र यादव ने जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय गणमान्य लोगों की सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया । इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकाएं की महत्पूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button