नई पीढ़ी को संविधान की भावना से परिचित कराना आवश्यक : प्रो. मुश्ताक अहमद
सीएम कॉलेज में संविधान दिवस पर पोस्टर निर्माण एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित, 100 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग
नई पीढ़ी को संविधान की भावना से परिचित कराना आवश्यक : प्रो. मुश्ताक अहमद
सीएम कॉलेज में संविधान दिवस पर पोस्टर निर्माण एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित, 100 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग
जे टी न्यूज,

दरभंगा । सीएम कॉलेज, दरभंगा में संविधान दिवस के अवसर पर शिक्षा विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में पोस्टर निर्माण और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और युवा पीढ़ी के दायित्वों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. मुश्ताक अहमद ने कहा कि किसी भी देश का भविष्य उसकी नई पीढ़ी के हाथों में होता है। यदि युवाओं को देश की ऐतिहासिक विरासत, स्वतंत्रता संग्राम, स्वतंत्रता सेनानियों और भारतीय संविधान के निर्माण की प्रक्रिया से परिचित नहीं कराया जाता है, तो देश का भविष्य उज्ज्वल नहीं हो सकता। इसलिए नई पीढ़ी को संविधान के प्रावधानों के साथ-साथ उसकी मूल भावना से अवगत कराना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि संविधान में प्रदत्त अधिकारों और निर्धारित कर्तव्यों की जानकारी के बिना कोई भी व्यक्ति आदर्श नागरिक नहीं बन सकता। शिक्षा के दौरान विद्यार्थियों को देश के इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन और संविधान सभा के योगदान से परिचित कराना चाहिए, ताकि उनमें लोकतांत्रिक चेतना और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित हो सके।

संविधान दिवस पर शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों ने ‘युवाओं के उत्तरदायित्व’ विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में भाग लिया। इसमें 100 से अधिक विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर तैयार किए। प्रतिभागियों में शुभम कुमार, इबरार अहमद, रिचा रानी, मीनाक्षी प्रभा, फुरकान आजम, शाइस्ता, साकची राज और फैयाज सिद्दीकी सहित अन्य विद्यार्थी शामिल थे।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मिर्जा रूहुल्लाह बेग, डॉ. अमरिंदर कुमार, डॉ. इम्तियाज आलम, मोहम्मद परवेज खान, डॉ. पूजा शर्मा, डॉ. मुसर्रत फैजी, डॉ. सत्येंद्र कुमार, डॉ. जमशेद इमाम एवं स्मिता रानी ने भी भाग लिया और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर एनएसएस इकाई की ओर से भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने संविधान की महत्ता, उपयोगिता और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी भूमिका पर विचार व्यक्त किए। एनएसएस समन्वयक डॉ. अभिमन्यु कुमार एवं डॉ. सुधांशु कुमार ने भी संविधान के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया।





