न्यायालयों में केस का बोझ लगातार बढ़ रहा है जिस कारण न्याय में हो रहा है बिलंब

समस्तीपुर। पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय प्रिय ने कहा कि न्यायालयों में केस का बोझ लगातार बढ़ रहा है जिसके कारण न्याय में बिलंब होता है। बाबजूद लोगों का विश्वास न्यायालय पर है। न्याय में देरी को लेकर भारत सरकार एवं सर्वोच्च न्यायालय काफी गंभीर है। इसके लिए कई प्रयास किये जा रहे हैं। विधिक सेवा केन्द्र एक अहम कड़ी है। यह मुफ्त कानूनी सलाह के साथ लोगों के बीच आपसी सामंजस्य कराने का प्रयास करेगा। जिससे कोर्ट तक कम से कम लोगों को जाना पड़े। वे शनिवार की शाम डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विवि के विद्यापति सभागार में बोल रहे थे। मौका था जिला विधि सेवा प्राधिकार व्यवहार न्यायालय, समस्तीपुर के तत्वाधान में विवि परिसर में विधिक सेवा केन्द्र के उद्घाटन समारोह का।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में नियुक्ति में गड़बड़ी, मनी लॉड्रिंग जैसी नई तरह के विवाद आ रहे हैं। कुलपति डॉ.आरसी श्रीवास्तव ने कहा कि विधिक सेवा केन्द्र के लिए विवि परिसर का चयन किया जाना सराहनीय पहल है। इससे आम व खासकर गरीब व असहाय लोगों को कानूनी सलाह मिल सकेगी।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश ललन लाल श्रीवास्तव ने कहा कि हर व्यक्ति तक मुफ्त कानूनी सलाह उपलब्ध कराने को लेकर केन्द्र का शुभारंभ किया गया। धन्यवाद डीएलएसए के सचिव राजीव रंजन राय ने किया। मौके पर कोर्ट से जुड़े मो.रफी, विधानंद चौधरी समेत विवि के डीन-डायरेक्टर, छात्र व अन्य लोग मौजूद थे। इससे पूर्व न्यायमूर्ति ने विवि परिसर स्थित विधिक सेवा केन्द्र का विधिवत उद्घाटन किया।

Related Articles

Back to top button