पूर्व मुखिया स्व. रामायण राय की 11 वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब
मंत्री-विधायकों सहित हजारों लोगों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
पूर्व मुखिया स्व. रामायण राय की 11 वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब
मंत्री-विधायकों सहित हजारों लोगों ने अर्पित की श्रद्धांजलि

जे टी न्यूज, करगहर(रोहतास) :क्षेत्र के वरिष्ठ एवं सम्मानित किसान,समाजसेवी तथा पूर्व मुखिया स्वर्गीय रामायण राय की 11 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक हस्तियों,सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं हजारों लोगों ने उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरा आयोजन श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा शामिल हुए। वहीं काराकाट के माले विधायक अरुण सिंह कुशवाहा,शेरघाटी विधायक उदय प्रताप यादव,करगहर विधानसभा क्षेत्र के महागठबंधन समर्थित पूर्व सीपीआई प्रत्याशी महेंद्र प्रसाद गुप्ता, फेकू सेठ,जगनारायण गुप्ता सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर स्वर्गीय रामायण राय को नमन किया। इस अवसर पर वक्ताओं एवं उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय रामायण राय के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि वे केवल एक पूर्व मुखिया ही नहीं,बल्कि क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित किसान,समाजसेवी और जनमानस में विशेष सम्मान रखने वाले व्यक्तित्व थे। सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता,लोगों के सुख-दुख में सहभागिता और समाज के प्रति उनका योगदान हमेशा याद किया जाता रहेगा।
*पिता की स्मृति को संजोए रखने का सराहनीय प्रयास*
स्वर्गीय रामायण राय की स्मृति में उनके परिवार की ओर से प्रत्येक वर्ष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाता है। यह आयोजन केवल पुण्यतिथि का कार्यक्रम नहीं,बल्कि उनके विचारों,सामाजिक मूल्यों और जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने का एक सराहनीय प्रयास भी है।
आयोजन में उनके सुपुत्र हमारे परम मित्र दिनेश कुमार राय की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय है। दिनेश कुमार राय बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के आप्त सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के पूर्व सचिव तथा बेतिया के पूर्व जिलाधिकारी जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इतने महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करने के बावजूद उनकी सहजता,शालीनता, विनम्रता और आत्मीय व्यवहार लोगों को विशेष रूप से प्रभावित करता है।
उनका लोगों से सरलता और सम्मान के साथ मिलना यह दर्शाता है कि उच्च पद और बड़ी जिम्मेदारियां व्यक्ति की विनम्रता एवं मानवीय संवेदनाओं को कभी कम नहीं कर सकतीं। उनका व्यक्तित्व सादगी,संस्कार और आत्मीयता का सुंदर उदाहरण है।
*यादों में हमेशा जीवित रहेंगे स्व. रामायण राय*
स्वर्गीय रामायण राय आज भले ही हमारे
बीच शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं हैं, लेकिन उनके अच्छे कर्म,सामाजिक योगदान,जनसेवा की भावना और लोगों के दिलों में उनके प्रति सम्मान उन्हें सदैव जीवित रखेगा। 11 वीं पुण्यतिथि पर उमड़ी हजारों लोगों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि किसी व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके कर्मों और समाज में अर्जित सम्मान से होती है। ऐसे महान सामाजिक व्यक्तित्व को शत-शत नमन एवं भावभीनी श्रद्धांजलि।

