शंकरपुर में चोरों का आतंक: एक ही रात दो घरों में लाखों की चोरी, रेलकर्मी की मां को कमरे में किया बंद
लोहे की अलमारी तोड़कर सोना-चांदी के जेवरात ले उड़े बदमाश, आकाशवाणी के सेवानिवृत्त अधिकारी का सूना घर भी खंगाला; रात्रि गश्ती पर उठे सवाल
शंकरपुर में चोरों का आतंक: एक ही रात दो घरों में लाखों की चोरी, रेलकर्मी की मां को कमरे में किया बंद
लोहे की अलमारी तोड़कर सोना-चांदी के जेवरात ले उड़े बदमाश, आकाशवाणी के सेवानिवृत्त अधिकारी का सूना घर भी खंगाला; रात्रि गश्ती पर उठे सवाल
जेटी न्यूज, शंकरपुर (मधेपुरा):

शंकरपुर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ही रात में दो घरों को अपना निशाना बनाया। गुरुवार देर रात बेहरारी पंचायत के वार्ड संख्या चार अंतर्गत गोररहा गांव में अज्ञात चोरों ने एक रेलकर्मी के घर से पांच लाख रुपये से अधिक के सोना-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वहीं, आकाशवाणी के सेवानिवृत्त अधिकारी के सूने घर को भी खंगाल डाला। चोरी की इस वारदात ने पूरे गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
रेलकर्मी की मां को कमरे में किया बंद, फिर अलमारी तोड़कर उड़ाए गहने :
पीड़ित गृहस्वामी तुरंती महतो के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले उस कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, जिसमें उनकी मां सो रही थीं। इसके बाद उनके पुत्र एवं रेलकर्मी राजेश कुमार के कमरे का ताला तोड़कर बदमाश अंदर दाखिल हुए। कमरे में रखी लोहे की अलमारी को तोड़कर उसमें रखे उनकी मां और पुत्रवधू के सोना-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी गए गहनों की कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
सुबह जब तुरंती महतो अपनी मां को जगाने पहुंचे तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। अंदर से मां की आवाज सुनने के बाद उन्होंने बाहर से कुंडी खोली। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने दूसरे कमरों की जांच की तो रेलकर्मी के कमरे का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी से कीमती आभूषण गायब मिले।
आकाशवाणी के सेवानिवृत्त अधिकारी के घर में भी चोरी:
चोरों ने तुरंती महतो के छोटे भाई एवं आकाशवाणी के सेवानिवृत्त अधिकारी ब्रह्मानंद महतो के सूने घर को भी नहीं छोड़ा। बदमाश घर के पीछे से अंदर घुसे और मुख्य दरवाजे सहित विभिन्न कमरों के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी ब्रह्मानंद महतो को दूरभाष के माध्यम से दी गई। हालांकि, उनके घर से चोरी गए सामान का विस्तृत ब्योरा अभी सामने नहीं आया है।
एक रात में दो वारदात से ग्रामीणों में दहशत, पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग :
एक ही गांव में एक रात के भीतर दो घरों में चोरी की घटना ने पुलिस की रात्रि गश्ती और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही शंकरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी को घटनास्थल पर भेजकर जांच कराई गई है। आवेदन प्राप्त होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती तेज करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा चोरी की घटना में शामिल बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है। अब देखना यह है कि पुलिस इन वारदातों का खुलासा कर चोरों तक कब पहुंच पाती है।


