जद(यू0) शिक्षा प्रकोष्ठ द्वारा ‘शिक्षा संवाद’ का हुआ आयोजन
जद(यू0) शिक्षा प्रकोष्ठ द्वारा ‘शिक्षा संवाद’ का हुआ आयोजन

शिक्षा के क्षेत्र में नीतीश कुमार के कार्य की प्रशंसा देश-दुनिया में होती है – उमेश सिंह कुशवाहा
देश में शिक्षा के मूल स्वरूप को बदलने की साजिश चल रही
है – वशिष्ठ नारायण सिंह
प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है राज्य
सरकार – विजय कुमार चौधरी
2024 में भाजपा को रोकने के लिए मोदी सरकार का भंडाफोड़
जरूरी – ललन सर्राफ़
सात निश्चय योजना के फायदे को गांव-गांव तक
पहुंचाएं – डॉ0 राजवर्धन आज़ाद
जे टी न्यूज, पटना: रविवार को पार्टी मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में जनता दल (यू0) शिक्षा प्रकोष्ठ के तत्वाधान में ‘शिक्षा संवाद’ का आयोजन किया गया। जिसमें शिक्षा प्रकोष्ठ के सभी प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष एवं विभिन्न जिलों से प्रमुख पदाधिकारीगण शामिल हुए। उक्त कार्यक्रम में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शिक्षा की भूमिका एवं बुद्धजीवी वर्ग के दायित्वों के विषय में वृहद चर्चा हुई। संग़ठन के विस्तार के साथ-साथ सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में शिक्षा प्रकोष्ठ का क्या योगदान हो सकता है इस पर भी सभी प्रमुख वक्ताओं ने अपनी बात को रखा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 अमरदीप ने की। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पार्टी के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा, माननीय राज्यसभा सांसद श्री वशिष्ठ नारायण सिंह, बिहार सरकार के माननीय वित्त मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, विधान परिषद के मुख्य सचेतक श्री संजय कुमार सिंह ‘गांधी जी’, पार्टी के कोषाध्यक्ष सह माननीय विधान पार्षद श्री ललन सर्राफ, माननीय विधान पार्षद डॉ0 राजवर्धन आजाद और प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी श्री चंदन कुमार सिंह आदि मौजूद थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि समाज एवं नई पीढ़ी के संस्कार के निर्माण में शिक्षा प्रकोष्ठ की भूमिका सबसे अहम है। शिक्षित एवं बुद्धिजीवी वर्ग अपनी बातों को रचनात्मक तरीके से रखने की क्षमता रखता है। समाज में इनकी बातों को गौर से सुना एवं समझा जाता है इसलिए हमारा मानना है कि नीतीश कुमार के विकास कार्याे को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शिक्षा प्रकोष्ठ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। हमें गांव और टोलो में जाकर नीतीश कुमार के कार्यों को बताना है। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने एवं हर गरीब बच्चों तक शिक्षा को आसानी से पहुंचाने में नीतीश कुमार का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। चाहे वो पोशाक योजना हो या साइकिल योजना। इसकी प्रशंसा देश और दुनिया में होती है। हमारे नेता नीतीश कुमार ने शिक्षा को बढ़ावा देने में जो अद्भुत काम किए हैं उसका कोई सानी नहीं है। श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि आज केंद्र की सरकार मनमाने ढंग से देश की सत्ता चला रही है। झूठे वादों के नाम पर जनता को छला जा रहा है। जो सरकार जनहित में काम नहीं कर सकती उस सरकार को सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। हमारी पार्टी को शिक्षा प्रकोष्ठ से अत्यधिक अपेक्षा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में हमें मिलकर अपने दायित्व का निर्वहन करना है। भारत बनाने की अभियान में हमें मिलकर काम करना है। तभी यह संकल्प पूरा होगा। तभी देश का लोकतंत्र और संविधान बचेगा।
राज्यसभा के माननीय सांसद श्री वशिष्ठ नारायण सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुये कहा कि अगले कुछ महीने में लोकसभा का चुनाव होने वाला है। इस चुनाव में जाने से पहले शिक्षा प्रकोष्ठ के साथियों को अपनी तैयारी पूरी करनी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के सामने आज एक गंभीर चुनौती है। हम जो बचपन से जानते और सुनते आ रहे हैं उसे भी गलत साबित करने और ढकने का प्रयास किया जा रहा है। देश में शिक्षा के मूल स्वरूप को बदलने का अभियान चल रहा है। श्री वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में सोची-समझी रणनीति के तहत भगवा व्यवस्था थोपने की साजिश चल रही है। शिक्षा को एक तय ढांचे में बांधने का प्रयास इस देश में किया जा रहा है। श्री वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि मणिपुर की घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इतनी हिम्मत नहीं हुई कि वो मिजोरम में जाकर चुनाव प्रचार का हिस्सा बन सके। देश किस हालात से गुजर रहा है इस बात का अंदाजा हम इसी बात से लगा सकते हैं कि मणिपुर जल रहा था और हमारे प्रधानमंत्री चुप्पी साधे हुए थे। उन्होंने कहा कि भारत सभी जाति एवं धर्म को अपनी भीतर समेटने वाला देश है। भगवान राम के प्राण-प्रतिष्ठा की बात हो रही है लेकिन भगवान राम तो सभी के दिल में बसते हैं तो प्राण-प्रतिष्ठा किस बात की? धर्म व्यक्तिगत उपासना का विषय है। धार्मिक स्वतंत्रता इस देश की खूबसूरती है और श्री नीतीश कुमार धर्मनिरपेक्षता में विश्वास रखते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में दिल्ली में जो घटना घटी उससे संविधान में आस्था रखने वाले लोगों का हृदय कांप गया। विपक्ष के 150 के करीब सांसदों को सदन से निलंबित कर दिया गया। सदन में एक ही विचारधारा के लोगों की मौजूदगी देश के लोकतंत्र के लिए खतरा है। इस लोकतंत्र में सबको अपनी राय रखने का अधिकार है लेकिन भाजपा इसको खत्म करना चाहती है।

बिहार सरकार के मा0 वित्त मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि श्री नीतीश कुमार के शासनकाल में शैक्षिक और शैक्षणिक क्षेत्र में व्यापक और क्रांतिकारी परिवर्तन आए हैं। श्री नीतीश कुमार ने विशेष अभियान चलाकर गरीब और कमजोर वर्गों के बच्चों को स्कूल तक पहुंचाया। साथ ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बिहार के बच्चों को मिल सके इसके लिए भी सरकार का प्रयास निर्णायक और कारगर साबित हुआ। श्री विजय कुमार चौधरी ने कहा की बीपीएससी से उत्तीर्ण हुए शिक्षकों का बौद्धिक स्तर और आत्मविश्वास ऊंचा होता है। प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से बेहतर शिक्षक निकलकर सामने आएंगे जो समाज निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। श्री चौधरी ने कहा कि बिहार में आज पंचायत स्तर तक प्लस टू विद्यालय खुल चुका है। श्री नीतीश कुमार ने एक साथ साढ़े पांच हजार प्लस टू स्कूल खोलकर रिकॉर्ड बनाने का काम किया था। बिहार के सभी अनुमंडल में एक डिग्री कॉलेज की स्थापना भी अब अंतिम चरण में है। श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी और मौलिक परिवर्तन हुए हैं। श्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि शिक्षा प्रकोष्ठ के साथी अपने-अपने क्षेत्र में जाकर शिक्षा के क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व कार्य से लोगों को अवगत कराएं। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हुए लोगों का समाज में व्यापक प्रभाव होता है।
पार्टी के कोषाध्यक्ष सह माननीय विधान पार्षद श्री ललन कुमार सर्राफ़ ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अब कुछ ही महीने बाकी है इसलिए हमें अब अपने-अपने क्षेत्र में जाकर श्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों को विस्तार से बताना होगा। हमारे नेता सिर्फ काम में विश्वास रखते हैं उन्हें फोटो और नाम से कोई मतलब नहीं होता है। उन्होंने कहा कि 2024 में भाजपा को रोकना है तो भाजपा का भंडाफोड़ करना होगा। यह भाजपा अटल जी की भाजपा नहीं है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री नहीं है उन्हें सिर्फ़् अपने गुजरात की चिन्ता है। 15 लाख का झांसा देकर उन्होंने 5 किलो अनाज देना शुरू कर दिया। देश को ऐसे प्रधानमंत्री की जरूरत नहीं है जो कहता कुछ है और करता कुछ और है।

माननीय विधान पार्षद डॉ0 राज्यवर्धन आजाद ने कहा आज के ‘शिक्षा संवाद’ से आप जो सीख लेकर जाएंगे उसे अपने व्यक्तित्व में धारण करने की जरूरत है। श्री नीतीश कुमार ने सात निश्चय योजना के माध्यम से बिहार की तस्वीर और तकदीर को बदला है। सात निश्चय योजना किस प्रकार प्रत्येक बिहारी के लिए लाभकारी है इसे हमें बताना होगा।
शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 अमरदीप ने कहा कि जातीय गणना, 75 फीसदी आरक्षण, बिहार के लिए विशेष राज्य का दर्जा जैसे मुद्दों से बिहार की प्रत्येक जनता को अवगत कराने के लिए शिक्षा प्रकोष्ठ को आगे आना होगा। शिक्षा जगत के साथी मुद्दा और माहौल बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं इसलिए हमारे उपर अधिक जिम्मेदारी है। डॉ0 अमरदीप ने कहा कि आने वाले दिनों में जिला एवं प्रखंड स्तर पर शिक्षा संवाद का कार्यक्रम किया जाएगा। इसके माध्यम से हम मोदी सरकार का पर्दाफाश और नीतीश कुमार के विकासकार्याे को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुचायेंगे। डॉ0 अमरदीप ने यह भी कहा कि हमारा लक्ष्य हर बूथ पर शिक्षा प्रकोष्ठ के एक साथी को खड़ा करना है और शिक्षा प्रकोष्ठ के साथियों की ऊर्जा से देखकर हमें पूरा विश्वास है कि हम इस लक्ष्य को जल्दी ही प्राप्त करेंगे।



