महिला संवाद में महिलाओं ने इलाके की तरक्की के लिए दिए दूरदर्शी सुझाव

महिला संवाद में महिलाओं ने इलाके की तरक्की के लिए दिए दूरदर्शी सुझाव जे टी न्यूज अररिया:
जिला अररिया में महिला संवाद कार्यक्रम की श्रृंखला के अंतर्गत 20 अप्रैल 2025, रविवार को जिले के सभी नौ प्रखंडों में इस संवाद का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन दो पालियों में किया गया, जिसमें कुल 36 स्थानों पर महिला संवाद आयोजित हुए। बड़ी संख्या में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने क्षेत्र की समस्याओं, आवश्यकताओं और आकांक्षाओं को खुलकर साझा किया।                                              कार्यक्रम की पृष्ठभूमि:
यह संवाद 18 अप्रैल 2025 से जिले भर में प्रारंभ हुआ है और इसका उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना एवं उनसे इलाके के विकास हेतु सुझाव प्राप्त करना है। कार्यक्रम के दौरान महिला संवाद रथ के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ऑडियो-वीडियो प्रेजेंटेशन और लीफलेट वितरण के माध्यम से दी जा रही है। इससे महिलाओं को योजनाओं की जानकारी सहज और सुलभ रूप में मिल रही है, जिनका वे सीधा लाभ उठा सकती हैं। महिलाओं ने दिए अहम सुझाव:
संवाद के दौरान उपस्थित महिलाओं ने विकास की दिशा में कई मूल्यवान सुझाव प्रस्तुत किए, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था

सामुदायिक पुस्तकालयों की स्थापना

स्वरोजगार और प्रशिक्षण से जुड़ी योजनाओं का विस्तार

स्थानीय बाजारों में महिला उत्पादों के लिए अलग प्लेटफॉर्म की व्यवस्था इन सुझावों को संकलित कर राज्य सरकार को भेजा जाएगा, ताकि उन पर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें। जिन सुझावों का समाधान जिला स्तर पर संभव है, उन्हें त्वरित रूप से क्रियान्वित करने का प्रयास किया जाएगा। महिला संवाद रथ – एक अभिनव पहल:
माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किए गए महिला संवाद रथ का उद्देश्य राज्यभर में महिलाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। यह रथ आधुनिक तकनीक से युक्त है और इसमें लगे एलईडी स्क्रीन व साउंड सिस्टम के माध्यम से ऑडियो-वीडियो संवाद प्रसारित किए जा रहे हैं। इस पहल ने संवाद प्रक्रिया को रोचक और प्रभावी बना दिया है, जिससे इसकी लोकप्रियता निरंतर बढ़ रही है।महिला संवाद कार्यक्रम न केवल महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि उनके विचारों को योजनागत रूप से शामिल कर विकास में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित कर रहा है। यह पहल सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य कर रही है।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button