सीमा पर गूंजी देशभक्ति की गूंज, एसएसबी ने जगाया तिरंगे का जज्बा
सीमा पर गूंजी देशभक्ति की गूंज, एसएसबी ने जगाया तिरंगे का जज्बा
जे टी न्यूज, सिकटी:
आज़ादी का अमृत महोत्सव इस बार सीमा के गांवों में कुछ यूं सजा कि हवा भी तिरंगे के रंग में रंग गई। भारत सरकार गृह मंत्रालय के निर्देशन में 52वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) अररिया के जवानों ने ‘हर घर तिरंगा अभियान-2025’ के तहत 10 अगस्त को सिकटी व आमबाड़ी और 11 अगस्त को लैलोखर व लेटी में देशभक्ति की अद्भुत मिसाल पेश की।
स्कूलों के नन्हे-मुन्ने सिपाही और ग्रामीणों के जोश ने रैली को जन-जन तक पहुंचाया। जगह-जगह तिरंगे लहराए, राष्ट्रगान गूंजा और “भारत माता की जय” के नारों से सीमांत इलाका थर्रा उठा।
जवानों ने आह्वान किया—13 से 15 अगस्त के बीच हर घर, स्कूल, दुकान और प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराएं और तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर www.harghartiranga.com पर अपलोड कर इस मुहिम में शामिल हों।
इस अवसर पर सहायक कमांडेंट मोहित भार्गव, चिराग, अंकित जांगड़ा और अमित अहिरवार के साथ दर्जनों बलकर्मी व सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। नतीजा—सीमा के गांवों में आज़ादी का जश्न अब सिर्फ तारीख नहीं, बल्कि हर दिल की धड़कन बन चुका है।


