कुलपति की निष्पक्षता पर सवाल: एग्रोविजन कार्यक्रम के विरोध में एन एस यू आई ने फूँका पुतला एबीवीपी के कार्यक्रम में कुलपति की अध्यक्षता और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप
कुलपति की निष्पक्षता पर सवाल: एग्रोविजन कार्यक्रम के विरोध में एन एस यू आई ने फूँका पुतला
एबीवीपी के कार्यक्रम में कुलपति की अध्यक्षता और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप

जे टी न्यूज़, समस्तीपुर: डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में आयोजित ‘एग्रोविजन’ कार्यक्रम को लेकर उपजा विवाद गहरा गया है। 16 मई को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषदद्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा अध्यक्षता किए जाने पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठनएन एस यू आई ने तीखी आपत्ति दर्ज कराई है। एन एस यू आई का आरोप है कि कुलपति का एक विशिष्ट संगठन के मंच पर बैठना उनकी प्रशासनिक निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
इस राजनीतिकरण और सरकारी तंत्र व धन के कथित दुरुपयोग के विरोध में एन एस यू आई कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर कुलपति का पुतला दहन किया। पुतला दहन के पश्चात आयोजित एक विरोध सभा को संबोधित करते हुए एन एस यू आई के जिला अध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने कहा, “विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जानबूझकर एक खास विचारधारा को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसे एन एस यू आई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। विश्वविद्यालय को राजनीतिक दलों का अड्डा बनाना तुरंत बंद होना चाहिए।”
सभा को संबोधित करते हुए एन एस यू आई के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिनव अंशु ने कुलपति से सीधे जवाब मांगते हुए कहा कि कुलपति को अविलंब यह स्पष्ट करना चाहिए कि यह कार्यक्रम किसका था और इसमें सरकारी पैसे का कितना दुरुपयोग किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि एक केंद्रीय विश्वविद्यालय का प्रशासन किसी विशेष संगठन या विचारधारा के कार्यक्रम का आयोजन और संचालन कैसे कर सकता है? वहीं, युवा कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष ने भी कुलपति की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान कुलपति के आने के बाद से विश्वविद्यालय में एक विशेष सोच को आगे बढ़ाने और अनुचित वित्तीय गतिविधियों को बढ़ावा देने का काम किया जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन की मध्यस्थता, तीन दिनों का अल्टीमेटम: प्रदर्शन और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में विश्वविद्यालय प्रशासन और एन एस यू आई के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई। इसके बाद एन एस यू आई ने विश्वविद्यालय प्रशासन को स्पष्टीकरण देने और इस चूक के लिए माफी मांगने के लिए तीन दिनों का समय दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो वे अनिश्चितकालीन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

इस विरोध प्रदर्शन और सभा में प्रखंड कांग्रेस कमेटी के शिवराम ठाकुर, कन्हैया जी, मोहिउद्दीन जी सहित NSUI के छात्र नेता शाकिब, अभिषेक, राजा, भरत, कैफ, गणेश, महफूज़, आमिर और बड़ी संख्या में अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


