बकुलहर मठ के पर्चाधारियों को जमीन पर कब्जा दो
बकुलहर मठ के पर्चाधारियों को जमीन पर कब्जा दो
जे टी न्यूज़, गोपालपुर : भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की चनपटिया अंचल के गोपालपुर थाना के नजदीक बकुलहर मठ की अधिशेष भूमि पर पर्चा प्राप्त पर्चाधारियों की सभा हुई। सभा को संबोधित करते हुए पार्टी की बिहार राज्य सचिव मंडल सदस्य प्रभुराज नारायण राव ने बताया कि पर्चाधारियों के पक्ष में जिला पदाधिकारी पश्चिम चंपारण के न्यायालय से अंतिम आदेश मिलने के बाद भी अभी तक पर्चाधारियों को जमीन पर दखल दहानी नहीं कराया गया। यह बेहद ही खेद की बात है । उल्टे बकुलहर मठ द्वारा नाजायज तरीके से हुंडा बटाई का कागज बनाकर इस इलाके के कुछ दबंग लोगों द्वारा दलित और कमजोर वर्ग के भूमिहीनों को सरकार द्वारा जो जमीन दी गई है ।उसे गोपालपुर थाना तथा प्रशासन को प्रभाव में लेकर इस जमीन से पर्चाधारियों को बेदखल करना चाहते हैं।भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) उनके मंसूबों को चकनाचूर कर देगी और दलित तथा कमजोर वर्ग के पर्चाधारियों के पक्ष में पार्टी हमेशा खड़ी रहेगी । उन्होंने कहा कि पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ता राजू बैठा और सरल दास का मठ तथा दबंग दलालों के पक्ष में संलिप्तता देखी गई। जिसके चलते उन दोनों को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। जिला मंत्री चांदसी प्रसाद यादव ने कहा कि पार्टी पर्चाधारी को जमीन पर कब्जा दिला कर ही दम लेगी ।उन्होंने कहा कि भूदान में बकुलहर मठ द्वारा दी गई जमीन को पार्टी ने लड़कर पर्चाधारियों को कब्जा दिलाया है। अब 399 पर्चाधारियों को 414 एकड़ जमीन जो मठ की अधिशेष जमीन है। जिस पर पर्चा मिला हुआ है। उसे भी कब्जा दिलाएगी। इस लड़ाई में पश्चिम चंपारण जिले की पूरी पार्टी पर्चाधारियों के साथ है और जमीन दिलाने तक उनके संघर्ष को आगे बढ़ाती रहेगी ।

जिला सचिव मंडल सदस्य प्रकाश कुमार वर्मा ने कहा कि हमारी पार्टी पूरे बिहार में 40 हजार एकड़ जमीन पर गरीब दलित वर्ग के पर्चाधारियों को संघर्ष के बल पर कब्जा दिलाया है ।हमने अपने पूर्णिया के संघर्षशील विधायक अजीत सरकार सहित सैकड़ो कार्यकर्ताओं को खोया है ।हमने कुर्बानियां दी है। आगे भी हम कमजोर बल के लोगों के लिए कुर्बानियां देने को तैयार है। सरकार की गरीब विरोधी नीतियों के खिलाफ हमने संघर्ष किया है और सफलता भी पाई है। सभा की अध्यक्षता मो. वहीद ने की।सभा को सीटू के राज्य कमिटी सचिव शंकर कुमार राव,नीरज बरनवाल,किसान सभा के मनोज कुमार ,मोतीलाल यादव,युवा पर्चाधारी उमाकांत बैठा ,जंगबहादुर प्रसाद आदि ने भी संबोधित किया।


