सात प्राचार्य बदले, बिहार के मुख्यसचिव प्रत्यय अमृत की पत्नी प्रो. रत्ना अमृत एएन कॉलेज की प्राचार्य बनीं
सात प्राचार्य बदले, बिहार के मुख्यसचिव प्रत्यय अमृत की पत्नी प्रो. रत्ना अमृत एएन कॉलेज की प्राचार्य बनीं
जे टी न्यूज, पटना: पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में शनिवार को बड़े पैमाने पर प्रधानाचार्यों का तबादला और पदस्थापन हुआ है. पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. उपेन्द्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में संपन्न स्थानांतरण समिति की बैठक में सात प्रधानाचार्यों के स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया.
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अबु बकर द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार प्रो. रत्ना अमृत को बीडी कॉलेज से एएन कॉलेज, प्रो. रेखा रानी को आआरएस कॉलेज मोकामा से श्री अरविंद महिला कॉलेज, प्रो. सुनीता राय को एमएम कॉलेज बिक्रम से कालेज आफॅ कामर्स, आर्ट्स एंड साइंस पटना, प्रो. श्यामा राय को एएनएस कॉलेज बाढ़ से गंगा देवी महिला कॉलेज, प्रो. विजय लक्ष्मी को गंगा देवी महिला कॉलेज से एमएम कॉलेज बिक्रम और प्रो. दिवाकर प्रसाद को आरकेडी से बीडी कॉलेज पटना स्थानांतरित किया गया है.
प्रो. रत्ना अमृत बिहार के मुख्यसचिव प्रत्यय अमृत की पत्नी हैं. जबकि प्रो. सुनीता राय झारखंड के न्यायाधीश की पत्नी हैं. पिछले साल 11 अगस्त को राजभवन के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय की ओर से हुई लॉटरी में प्रो रत्ना अमृत को बीडी कॉलेज आवंटित हुआ था. प्रभारी प्राचार्य प्रो विवेकानंद सिंह ने उन्हें पदभार सौंपा था. वहां वह योगदान कर काम कर रही थी. लेकिन उस समय भी खूब बावेला हुआ था. वे इसके पहले एएन कॉलेज के इतिहास विभाग में कार्यरत थीं.

मगध विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. एसपी शाही को एएनएस कालेज बाढ़ के प्राचार्य के रुप में पदस्थापित किया गया है. जबकि डॉ. शैलजा सिन्हा को आरकेडी कॉलेज का प्रभारी प्राचार्य बनाया गया है. कुलसचिव प्रो. अबु बकर ने बताया कि पाटलिपुत्र विवि पटना में पहली बार स्थानांतरण समिति द्वारा प्रशासनिक व शैक्षणिक कारणों से स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी की गई है. स्थानांतरण समिति की बैठक में वीर कुंवर सिंह विवि आरा के प्रो. प्रासुंजय कुमार सिंहा राज्यपाल द्वारा नामित सदस्य के रूप में उपस्थित रहे.


