जलजमाव, जमा कचरा, जर्जर एवं जानलेवा सड़क समेत अन्य समस्याओं को लेकर विरोध शुरू

जलजमाव, जमा कचरा, जर्जर एवं जानलेवा सड़क समेत अन्य समस्याओं को लेकर विरोध शुरू

जे टी न्यूज, मधेपुरा: नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या दो के लोगों ने वार्ड में जलजमाव, जमा कचरा, जर्जर एवं जानलेवा सड़क समेत अन्य समस्याओं को लेकर विरोध शुरू कर दिया है। वार्ड के लोगों ने वार्ड पार्षद द्वारा वार्ड में किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए नाराजगी जताई। रविवार को वार्ड में जलजमाव के बीच बैठकर प्रेस वार्ता आयोजित कर युवा समाजसेवी अखिलेश यादव ने कहा कि वार्ड पार्षद प्रतिनिधि धीरेंद्र यादव द्वारा वार्ड में कई सड़क बनवाने समेत अन्य कार्य करने की बात कही गई है। जबकि ऐसा नहीं है, उनके द्वारा झूठा काम गिनवाया जा रहा है। वह जिस सड़क को अपने कार्यों के खाते में डाल रहे हैं, उसे पूर्व में ही पूर्व वार्ड पार्षद सह पूर्व मुख्य पार्षद प्रत्याशी कुमारी विनीता भारती के द्वारा किया गया है।

अखिलेश यादव ने कहा कि वर्तमान वार्ड पार्षद द्वारा अपने कार्यकाल में अपने घर के सामने तक वाला रोड नहीं बनवा पाया था। वार्ड में सारा का सारा काम कुमारी विनीता भारती ने अपने कार्यकाल में नगर परिषद व सदर विधायक के फंड से बनवाई है। किसान नेता गणेश मानव ने कहा कि जिसे वर्तमान वार्ड पार्षद अपना काम गिनवा रहे हैं, वह सारा काम विधायक व पूर्व पार्षद के द्वारा किया गया है। वार्ड पार्षद आज तक एक भी सड़क नहीं बनवा पाया है। आज हालात यह कि वार्ड में जलजमाव से लोग परेशान हैं। वार्ड में जो भी सड़क है, वह पूर्व पार्षद कुमारी विनीता भारती के कार्यकाल में ही नगर परिषद एवं विधायक फंड से बना था।

गणेश मानव ने कहा कि आज भी पूर्व पार्षद कुमारी विनीता भारती के द्वारा लगातार वार्ड में सड़क निर्माण को लेकर विधायक से मांग की जाती है। उनके मांग पर ही विधायक द्वारा कुछ सड़कों के निर्माण के लिए स्वीकृति भी मिली है। जिसे वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अपना काम गिनवा रहे हैं। समाजसेवी रूद्र नारायण यादव ने कहा वार्ड में जलजमाव के कारण सड़क जर्जर एवं जानलेवा हो गई है। पैदल राहगीर भी ठोकर खा कर गिर जाते हैं और चोटिल हो जाते हैं। वाहन चालक फिसल कर गिर जाते हैं और घायल हो जाते हैं। वार्ड की स्थिति अभी यह है कि पैदल लोग भी आवागमन नहीं कर सकते हैं और वार्ड पार्षद काम पर काम गिनवा रहे हैं। जबकि वार्ड में कहीं भी लाइट नहीं जल रहा है। हर पोल पर अंधेरा छाया हुआ है। वार्ड पार्षद द्वारा एक भी सड़क का निर्माण नगर परिषद के फंड से करवाया गया हो या किसी कार्य को नगर परिषद द्वारा स्वीकृति मिली हो तो वह जनता के समक्ष रखें।

Related Articles

Back to top button