मुंगेर विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक सम्पन्न
मुंगेर विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक सम्पन्न

जे टी न्यूज, मुंगेर: मुंगेर विश्वविद्यालय में आगामी 11 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले तृतीय दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से माननीय कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक गुरुवार को अपराह्न तीन बजे से आयोजित की गई। बैठक का संचालन कुलसचिव डॉ. घनश्याम राय ने किया। बैठक में समारोह को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए गठित विभिन्न समितियों की तैयारियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में दीक्षांत समारोह में सम्मिलित होने वाले छात्र-छात्राओं एवं लोक भवन (गवर्नर हाउस) से आने वाले विशिष्ट अतिथियों के स्वागत, नाश्ता एवं भोजन की समुचित व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई। विद्यार्थियों के आगमन का समय, पंजीकरण, काउंटरवार प्रमाण-पत्र वितरण, किट वितरण, पहचान-पत्र (आई-कार्ड) वितरण, मंच संचालन, मंच रिहर्सल, मीडिया प्रतिनिधियों के बैठने की व्यवस्था, एनसीसी एवं एनएसएस स्वयंसेवकों की तैनाती, सुरक्षा, पार्किंग, अतिथि सत्कार तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनके पहचान-पत्र (आई-कार्ड) समारोह से एक दिन पूर्व वितरित किए जाएंगे, जिससे आयोजन के दिन प्रवेश एवं पंजीकरण की प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके। साथ ही सभी समितियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी-अपनी तैयारियाँ पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष (डीएसडब्ल्यू) प्रोफेसर डॉ. महेश्वर मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर डॉ. दशरथ प्रजापत, आर.डी. एंड डी.जे. महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. विजेंद्र कुमार, प्रोफेसर डॉ. मंजू कुमारी, प्रोफेसर डॉ. गिरीश चंद्र पांडे, प्रोफेसर डॉ. रंजन कुमार सिंह, प्रोफेसर डॉ. आदित्य सिंह, डॉ. दिवाकर कुमार, श्री राजेंद्र प्रसाद, प्रोफेसर डॉ. अजीत कुमार, डॉ. सूरज कोनार, डॉ. कंचन सिंह, लेफ्टिनेंट डॉ. प्रियंवदा शर्मा
दीक्षांत समारोह मीडिया प्रभारी एवं एनसीसी ए एन ओ ले. डॉ प्रियंवदा शर्मा,ले.डॉ. कुमारी नेहा, डॉ. मृत्युंजय मिश्रा, एनसीसी एएनओ ले. डॉ. प्रभाकर पोद्दार, डॉ. रोहित कुमार, डॉ. संजय कुमार मांझी, डॉ. स्मृति कुमारी, मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलांनुसाशक प्रो.डॉ शिव कुमार मंडल, प्रो.डॉ मंजू कुमारी, डॉ रोहित कुमार, प्रो. डॉ विद्या चौधरी, डॉ राजेश सिंह,प्रोफेसर डॉ. देवराज सुमन, श्री कृष्ण कुमार, डॉ. विश्वजीत विद्यालंकार, श्री मुनेन्द्र कुमार सिंह सहित विश्वविद्यालय एवं विभिन्न महाविद्यालयों के अनेक पदाधिकारी तथा आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में माननीय कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार ने सभी संबंधित समितियों को निर्देशित करते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की गरिमा, शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं प्रतिष्ठा का प्रतीक है। अतः प्रत्येक व्यवस्था समयबद्ध, अनुशासित एवं उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी समितियों से समन्वित रूप से कार्य करते हुए आयोजन को सफल एवं यादगार बनाने का आह्वान किया।


