देशभक्ति के रंग में रंगा करगहर उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
देशभक्ति के रंग में रंगा करगहर
उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

जे टी न्यूज, करगहर(रोहतास)एन बाबा: स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर शुक्रवार को उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय,करगहर प्रधानाध्यापक अशोक कुमार के नेतृत्व में विद्यार्थियों द्वारा भव्य ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हाथों में तिरंगा झंडा थामे विद्यार्थी पूरे जोश और उत्साह के साथ देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान करते नजर आए। विद्यार्थियों के चेहरे पर राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का जज्बा देखते ही बन रहा था। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंगा रहा।

तिरंगा यात्रा उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय,करगहर से प्रस्थान कर बाजार, थानापुल प्रखंड मुख्यालय बीआर सी भवन होते हुए सासाराम-चौसा पथ से गुजरते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश के प्रति कर्तव्य का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता,अखंडता और सम्मान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। मौके पर शिक्षक मो. इशफाक आलम,संजीव कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में दिखा उत्साह और देशभक्ति का जज्बा करगहर में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को और भी यादगार बना गया।




