मधेपुरा में शराब तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 168 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ चार गिरफ्तार
लाइनर समेत चार तस्कर गिरफ्तार, टाटा मैजिक और सुजुकी फ्रॉन्क्स जब्त नहर मार्ग से शराब तस्करी का खुलासा
मधेपुरा में शराब तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 168 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ चार गिरफ्तार
लाइनर समेत चार तस्कर गिरफ्तार, टाटा मैजिक और सुजुकी फ्रॉन्क्स जब्त नहर मार्ग से शराब तस्करी का खुलासा

जे टी न्यूज, शंकरपुर/मधेपुरा:
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर लगातार शराब की अवैध खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी क्रम में मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 168 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ शराब तस्करी में प्रयुक्त दो चार पहिया वाहनों को भी जब्त किया है।
पुलिस की यह कार्रवाई जीतपुर विद्युत पावर हाउस के समीप एमबीसी नहर मार्ग पर देर रात की गई। पुलिस के अनुसार, शराब तस्कर ग्रामीण एवं नहर मार्ग का इस्तेमाल कर शराब की खेप को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने की तैयारी में थे।
शंकरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एमबीसी नहर के रास्ते बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने जीतपुर गांव के पास बड़ी नहर के किनारे वाहन जांच अभियान शुरू किया।रात करीब 12:20 बजे पुलिस ने एक सुजुकी फ्रॉन्क्स कार को रोककर जांच की। कार में सवार दो युवकों ने पूछताछ के दौरान अपना नाम मनीष कुमार एवं मनोज कुमार बताया। दोनों से पूछताछ में पुलिस को संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने कथित तौर पर बताया कि वे शराब तस्करों के लिए लाइनर का काम कर रहे थे और उनके पीछे एक टाटा मैजिक वाहन से शराब की खेप आने वाली है।
इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर इलाके में वाहनों की निगरानी बढ़ा दी। कुछ देर बाद एक टाटा मैजिक मालवाहक वाहन वहां पहुंचा। पुलिस टीम को देखते ही चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से की गई घेराबंदी के कारण पुलिस जवानों ने वाहन को रोक लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर प्लास्टिक तिरपाल से ढंके कार्टन बरामद हुए। जांच के दौरान कुल 380 बोतल अंग्रेजी शराब, जिसकी कुल मात्रा करीब 168 लीटर, बरामद की गई। इसके बाद वाहन में सवार राजेश कुमार एवं संजय कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त टाटा मैजिक वाहन संख्या BR43GB2841 तथा लाइनर के रूप में इस्तेमाल की जा रही सुजुकी फ्रॉन्क्स कार संख्या BR11BU6479 को जब्त कर लिया है।पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करी में ग्रामीण एवं नहर मार्ग के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने कहा कि शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए अवैध शराब कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने की मांग की है।



