शंकरपुर में टीकाकरण जागरूकता को लेकर बुलावा टोली सदस्यों की बैठक
गंभीर बीमारियों से बचाव, स्तनपान, पोषण, विटामिन-ए एवं परिवार नियोजन की दी गई जानकारी
शंकरपुर में टीकाकरण जागरूकता को लेकर बुलावा टोली सदस्यों की बैठक
गंभीर बीमारियों से बचाव, स्तनपान, पोषण, विटामिन-ए एवं परिवार नियोजन की दी गई जानकारी

जे टी न्यूज़, शंकरपुर/मधेपुरा : प्रखंड क्षेत्र में शत-प्रतिशत बच्चों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित कराने तथा समुदाय में टीकाकरण को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-43, हसनपुरा के भवन में बुलावा टोली सदस्यों के साथ जागरूकता बैठक आयोजित की गई।बैठक में सबीर खान टोला, सरदारी टोला गिद्दा, हसनपुरा, कजरा एवं बागबियानी गांवों के बुलावा टोली सदस्यों को टीकाकरण से होने वाले लाभ एवं टीकों से बचाव होने वाली गंभीर बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही समुदाय के बीच टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाने के तरीकों पर चर्चा की गई।बैठक के दौरान टीकाकरण से इंकार करने वाले परिवारों के घर जाकर उन्हें टीकाकरण के फायदे समझाने तथा बच्चों को समय पर सभी आवश्यक टीके लगवाने के लिए प्रेरित करने की बात कही गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि समय पर टीकाकरण बच्चों को कई गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है।इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी दी गई। नवजात को जन्म के तुरंत बाद स्तनपान, छह माह तक केवल मां का दूध तथा छह माह से दो वर्ष तक मां के दूध के साथ उपयुक्त ऊपरी आहार देने के महत्व को समझाया गया। इसके अलावा बच्चों के लिए विटामिन-ए की उपयोगिता तथा परिवार नियोजन से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी गई।बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं सहयोगी संस्था की टीम ने बुलावा टोली सदस्यों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे परिवारों से लगातार संपर्क करें, जिनके बच्चों का टीकाकरण छूट गया है या जो टीकाकरण कराने में हिचकिचाते हैं। ऐसे परिवारों को समझाकर बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने में सहयोग करें।
इस अवसर पर जिला कॉर्डिनेटर आदित्य कुमार, एएनएम पुष्पलता सिन्हा,सुलेखा कुमारी एवं पल्लवी कुमारी, वाधवानी एआई के ब्लॉक कॉर्डिनेटर बिरेंद्र प्रसाद साहू सहित आशा, फैसिलिटेटर, वाधवानी एआई के प्रतिनिधि एवं विभिन्न गांवों के बुलावा टोली सदस्य मौजूद रहे।



