डीबीकेएन कॉलेज नरहन में प्राचार्य के खिलाफ कर्मचारियों का मोर्चा, दुर्व्यवहार के आरोप को लेकर धरना और नारेबाजी
डीबीकेएन कॉलेज नरहन में प्राचार्य के खिलाफ कर्मचारियों का मोर्चा, दुर्व्यवहार के आरोप को लेकर धरना और नारेबाजी

जे टी न्यूज़, समस्तीपुर : डी.बी.के.एन. कॉलेज, नरहन में प्रधानाचार्य प्रो. आदित्य चंद्र झा के खिलाफ कर्मचारियों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। प्रधानाचार्य पर लिपिक अनिल कुमार के साथ कथित दुर्व्यवहार, मारपीट के लिए उकसाने तथा निलंबन की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी संघ की कॉलेज इकाई ने आंदोलन शुरू कर दिया है। सोमवार को कर्मचारी महाविद्यालय में धरने पर बैठ गए।
संघ द्वारा ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलसचिव को भेजे गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि 31 अगस्त 2026 को प्रधानाचार्य प्रो. आदित्य चंद्र झा ने लिपिक अनिल कुमार के साथ दुर्व्यवहार किया और कथित रूप से चप्पल उतारकर उनकी ओर बढ़े। संघ के अनुसार कर्मचारी ने उनका हाथ पकड़कर स्थिति को बिगड़ने से रोका।
संघ का आरोप है कि कॉलेज में कर्मचारियों को बार-बार कारण बताओ नोटिस और निलंबन की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने 7 सितंबर से धरना शुरू किया है।
कर्मचारी संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि शैक्षणिक संस्थान में यदि कर्मियों को ही भय और तनाव के माहौल में काम करना पड़े तो इसका असर कॉलेज की पूरी व्यवस्था पर पड़ेगा।
इस पूरे विवाद पर प्राचार्य प्रो. आदित्य चंद्र झा का पक्ष भी सामने आना आवश्यक है। उनका पक्ष मिलने पर आरोपों की वास्तविकता और पूरे घटनाक्रम की तस्वीर अधिक स्पष्ट हो सकेगी।

