कदाचारमुक्त परीक्षा को लेकर शिवदानी राम अयोध्या प्रसाद महाविद्यालय में हुई अहम बैठक

कदाचारमुक्त परीक्षा को लेकर शिवदानी राम अयोध्या प्रसाद महाविद्यालय में हुई अहम बैठक

जे टी न्यूज, चकिया: चकिया अनुमंडल स्थित शिवदानी राम अयोध्या प्रसाद महाविद्यालय, बारा चकिया के सेमिनार हॉल में स्नातकोत्तर चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद बैठा ने की।

बैठक में आगामी स्नातकोत्तर चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा को व्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं पूरी तरह कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

प्राचार्य डॉ. विनोद बैठा ने कहा कि परीक्षा विद्यार्थियों के शैक्षणिक मूल्यांकन की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसलिए परीक्षा की पवित्रता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना महाविद्यालय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने परीक्षा से जुड़े सभी शिक्षकों एवं कर्मियों से पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

बैठक में परीक्षा केंद्र पर अनुशासन बनाए रखने, परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, परीक्षा कक्ष में निगरानी व्यवस्था को प्रभावी रखने तथा किसी भी प्रकार के कदाचार की स्थिति में विश्वविद्यालय के नियमों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने जैसे विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई।

बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने भी परीक्षा के सुचारु संचालन को लेकर अपने सुझाव रखे तथा कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए महाविद्यालय प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर डॉ. अभिरेंद्र प्रसाद, संतोष आनंद, डॉ. धनंजय कुमार सिंह, डॉ. रीता कुमारी, डॉ. रंजीत कुमार दिनकर, डॉ. दिगंबर झा, डॉ. मोहम्मद सनावर अली, डॉ. रमाकांत पांडेय सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button