मुख्यमंत्री की सभा में खाली कुर्सियों ने खोली सत्ता के दावों की पोल, बेरोजगारी और महंगाई से परेशान जनता अब भाषण नहीं, जवाब चाहती है
दरभंगा की सभा में भीड़ की कमी सत्ताधारी नेताओं के लिए चेतावनी; जनता की वास्तविक समस्याओं से मुंह मोड़कर केवल भीड़ जुटाने से नहीं बदलेगी तस्वीर
मुख्यमंत्री की सभा में खाली कुर्सियों ने खोली सत्ता के दावों की पोल, बेरोजगारी और महंगाई से परेशान जनता अब भाषण नहीं, जवाब चाहती है
दरभंगा की सभा में भीड़ की कमी सत्ताधारी नेताओं के लिए चेतावनी; जनता की वास्तविक समस्याओं से मुंह मोड़कर केवल भीड़ जुटाने से नहीं बदलेगी तस्वीर

जे टी न्यूज,
दरभंगा। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. नागेन्द्र झा स्टेडियम में आयोजित 54वें विद्यापति पर्व समारोह-2026 के उद्घाटन में शामिल होने दरभंगा पहुंचे थे। इस दौरान आयोजित सभा में अपेक्षित भीड़ नहीं दिखी और बड़ी संख्या में कुर्सियां खाली नजर आईं। यह दृश्य सत्ताधारी नेताओं के लिए आत्ममंथन का विषय होना चाहिए। सत्ता में बैठे नेता भले ही विकास और लोकप्रियता के बड़े-बड़े दावे करें, लेकिन सभाओं में जनता की सीमित उपस्थिति कई सवाल खड़े करती है। आखिर क्या वजह है कि सत्ताधारी दल के नेताओं की सभाओं में अपेक्षित भीड़ नहीं जुट पा रही है? क्या जनता का उत्साह कम हो रहा है या फिर सरकार के कामकाज से लोगों का भरोसा कमजोर पड़ रहा है?
दरअसल, बिहार की जनता आज बेरोजगारी, महंगाई, पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। युवाओं के सामने रोजगार का संकट है, महंगाई ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है और किसान-मजदूर अपनी रोजमर्रा की परेशानियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में जनता केवल भाषण और घोषणाएं सुनने के बजाय अपने जीवन में ठोस बदलाव चाहती है। उसे रोजगार, बेहतर शिक्षा, सुलभ स्वास्थ्य सेवा और महंगाई से राहत चाहिए।
हालिया विधान परिषद चुनावों में भी सत्ताधारी खेमे को मिले राजनीतिक झटकों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह संकेत है कि प्रबुद्ध मतदाता और आम जनता अब केवल राजनीतिक दावों के आधार पर निर्णय नहीं ले रही है। जनता अपने अनुभव और सरकार के कामकाज के आधार पर सवाल पूछ रही है।

सत्ताधारी नेताओं को यह समझना होगा कि लोकतंत्र में जनता की भागीदारी केवल चुनाव के दिन वोट देने तक सीमित नहीं है। खाली कुर्सियां भी राजनीतिक संदेश देती हैं। जनता को सभाओं में लाने के लिए केवल प्रशासनिक तामझाम या सत्ता का प्रभाव पर्याप्त नहीं है। उसके दिल में जगह बनाने के लिए उसके सवालों का जवाब देना और समस्याओं का समाधान करना जरूरी है।

