एक साल पहले उद्घाटन हो चुके पुल का दोबारा उद्घाटन प्रधानमंत्री पद की गरिमा कम करता है : प्रशांत किशोर
विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य सुरेश प्रसाद राय के शपथ ग्रहण समारोह में हुए शामिल, सभी सदस्यों को दी शुभकामनाएं
एक साल पहले उद्घाटन हो चुके पुल का दोबारा उद्घाटन प्रधानमंत्री पद की गरिमा कम करता है : प्रशांत किशोर
विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य सुरेश प्रसाद राय के शपथ ग्रहण समारोह में हुए शामिल, सभी सदस्यों को दी शुभकामनाएं

जे टी न्यूज,
पटना:
जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य सुरेश प्रसाद राय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे बिहार, अपने मतदाताओं और अपने क्षेत्रों के विकास के लिए बेहतर काम करेंगे।
दो निर्दलीय विधान परिषद सदस्यों के भाजपा में शामिल होने और उनकी सदस्यता रद्द करने संबंधी याचिका खारिज होने के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी पार्टी ने विधान परिषद के सभापति के समक्ष नियमानुसार कार्रवाई का आग्रह किया था। याचिका खारिज होने के कारणों पर पार्टी विचार करेगी और कानून के अनुसार आगे की प्रक्रिया अपनाएगी।
नीतीश सेतु के दोबारा उद्घाटन को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि इस पुल की परिकल्पना और निर्माण नीतीश कुमार की देन है। जब इसकी योजना बनाई जा रही थी, उस समय न भाजपा उनके साथ थी और न ही राजद। उन्होंने कहा कि पुल का उद्घाटन नीतीश कुमार जुलाई 2025 में ही कर चुके हैं। अब भाजपा राजनीतिक लाभ लेने के लिए प्रधानमंत्री को बुलाकर दोबारा उद्घाटन करा रही है।
उन्होंने कहा कि दूसरे के किए काम को अपने खाते में जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। नीतीश कुमार के नाम पर सेतु होने में कोई बुराई नहीं है, क्योंकि इससे आम लोगों को सुविधा मिलेगी। प्रशांत किशोर ने कहा कि जिस पुल का उद्घाटन एक साल पहले हो चुका हो, उसका दोबारा उद्घाटन करना प्रधानमंत्री पद की गरिमा को कम करता है।

इस अवसर पर जन सुराज के वरिष्ठ नेता सुभाष कुशवाहा, रामबली चंद्रवंशी और बब्बन यादव सहित पार्टी के अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

