वर्ल्ड पीस हार्मोनी के चेयरमैन मोहम्मद शकील सैफी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का भारत यात्रा पर किया स्वागत
वर्ल्ड पीस हार्मोनी के चेयरमैन मोहम्मद शकील सैफी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का भारत यात्रा पर किया स्वागत
जे टी न्यूज, नई दिल्ली:

वर्ल्ड पीस हार्मोनी के चेयरमैन मोहम्मद शकील सैफी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का भारत आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत किया। पुतिन की यह यात्रा भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर हो रही है, जिसे अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के लिहाज़ से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शकील सैफी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पुतिन की यह यात्रा न सिर्फ दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विश्वास और सहयोग को मजबूत करेगी, बल्कि बदलते वैश्विक वातावरण में भारत की भूमिका को भी और सशक्त बनाएगी। उन्होंने बताया कि भारत और रूस के बीच रणनीतिक साझेदारी वर्ष 2000में शुरू हुई थी। इसके बाद दिसंबर 2010 में संबंधों के दायरे और मजबूत सहयोग को देखते हुए इसे ‘स्पेशल एंड प्रिविलेज्ड स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ के स्तर पर ले जाया गया, जो रूस का दुनिया के कुछ चुनिंदा देशों के साथ ही है।
सैफी ने कहा कि बीते 25 वर्षों में रक्षा, ऊर्जा, विज्ञान, अंतरिक्ष, व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में भारत और रूस के बीच सहयोग लगातार गहरा हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि पुतिन की यात्रा दोनों देशों के बीच मौजूद विश्वास और दीर्घकालिक साझेदारी का प्रतीक है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की प्रशंसा करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने वैश्विक स्तर पर भारत की विश्वसनीयता, प्रभाव और रणनीतिक महत्व को मजबूती दी है। सैफी के अनुसार, भारत की संतुलित कूटनीति ने देश को दुनिया की उभरती शक्तियों में एक केंद्रीय स्थान दिलाया है। उन्होंने कहा कि रूस जैसे ऐतिहासिक साझेदार के साथ मजबूत रिश्ते बनाए रखना इसी नीति की सफलता का उदाहरण है।
शकील सैफी ने उम्मीद जताई कि यह यात्रा भारत-रूस संबंधों में नए युग की शुरुआत करेगी और वैश्विक शांति एवं स्थिरता के लिए दोनों देश मिलकर और अधिक योगदान देंगे।


