मधेपुरा में गैस की कोई किल्लत नहीं, होम डिलीवरी फिर होगी शुरू : डीएसओ

– कालाबाजारी पर प्रशासन की कड़ी नजर, प्रतिदिन 5000 सिलेंडर बिक्री का लक्ष्य

जिले में घरेलू गैस का कुल स्टॉक 10 हजार 992 सिलेंडर उपलब्ध है

जे टी न्यूज, मधेपुरा:
शहर और ग्रामीण इलाकों में घरेलू गैस की कमी की शिकायतों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह सामान्य बताया है। मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिला आपूर्ति पदाधिकारी शंकर शरण ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि बीते कई दिनों से बंद पड़ी गैस की होम डिलीवरी सेवा को भी अब फिर से शुरू किया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।
डीएसओ ने जिले में गैस उपभोक्ताओं की स्थिति का विस्तृत आंकड़ा भी प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि मधेपुरा जिले में उज्ज्वला योजना के तहत कुल 2 लाख 78 हजार 661 लाभुक हैं, जबकि नॉन-उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 1 लाख 25 हजार 429 उपभोक्ता गैस का उपयोग कर रहे हैं। इस प्रकार जिले में कुल 4 लाख 4 हजार 80 उपभोक्ता एलपीजी गैस से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह संतोषजनक है। मंगलवार को जिले में घरेलू गैस का कुल स्टॉक 10 हजार 992 सिलेंडर उपलब्ध है, जो उपभोक्ताओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति भी 98 प्रतिशत तक नियमित रूप से की जा रही है।
डीएसओ ने कहा कि गैस की दैनिक बिक्री को लेकर भी एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को जिले में कुल 4376 सिलेंडर की बिक्री दर्ज की गई, जबकि प्रतिदिन 5000 सिलेंडर की बिक्री का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित लक्ष्य के अनुसार गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी उपभोक्ता को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गैस एजेंसियों द्वारा घर-घर सिलेंडर की आपूर्ति बंद रहने के कारण उपभोक्ताओं को स्वयं एजेंसी पहुंचकर गैस लेना पड़ रहा था। इससे एजेंसियों पर भीड़ बढ़ रही थी और उपभोक्ताओं को भी काफी असुविधा हो रही थी। अब इस स्थिति को देखते हुए एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि होम डिलीवरी सेवा को फिर से शुरू किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को उनके घर तक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके।


जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि गैस की कालाबाजारी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की पहली नजर इस बात पर है कि कहीं किसी स्तर पर गैस की कालाबाजारी या अनियमितता तो नहीं हो रही है। यदि किसी एजेंसी या व्यक्ति के द्वारा गैस की कालाबाजारी या नियमों का उल्लंघन करने की शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने उपभोक्ताओं से भी अपील की कि यदि कहीं गैस की कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली या आपूर्ति में अनियमितता की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि हर उपभोक्ता तक समय पर और पारदर्शी तरीके से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए लगातार निगरानी भी की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Related Articles

Back to top button