खगड़िया में जलजमाव व कटाव की गंभीर समस्या पर विधायक बबलू कुमार मंडल ने उठाई मांग

खगड़िया में जलजमाव व कटाव की गंभीर समस्या पर विधायक बबलू कुमार मंडल ने उठाई मांग


जे टी न्यूज़, खगड़िया : जल संसाधन मंत्री से मिलकर सौंपा पत्र, त्वरित कार्रवाई की मांग, तटबंध, स्लुइश गेट और कटाव रोधी कार्यों पर दिया जोर खगड़िया। खगड़िया विधानसभा क्षेत्र में जल संसाधन विभाग से जुड़ी गंभीर समस्याओं को लेकर सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने पहल करते हुए राज्य के जल संसाधन मंत्री से मिलकर पत्र सौंपा है। उन्होंने क्षेत्र में व्याप्त जलजमाव और नदी कटाव जैसी समस्याओं पर तत्काल प्रभाव से ठोस कार्रवाई करने की मांग की है। विधायक ने कहा कि इन समस्याओं के कारण हर वर्ष हजारों किसानों और आम लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ता है। विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि इन मुद्दों को उन्होंने 18वीं विधानसभा सत्र के दौरान तारांकित प्रश्न के माध्यम से पहले ही सरकार के समक्ष रखा था, लेकिन अब तक अपेक्षित समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब इन समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई अत्यंत आवश्यक हो गई है। सबसे प्रमुख मुद्दे के रूप में उन्होंने कराचीन–बदलाघाट तटबंध के कि.मी. 29.00 से 35.00 के बीच वर्षों से चली आ रही भीषण जलजमाव की समस्या को उठाया। उन्होंने बताया कि इस समस्या के कारण प्रतिवर्ष लगभग 7500 एकड़ कृषि भूमि प्रभावित होती है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए तीन एंटी फ्लड स्लुइश गेट के निर्माण की आवश्यकता बताई गई है। विधायक ने जानकारी दी कि इसके लिए तकनीकी सलाहकार समिति द्वारा प्रस्ताव को अनुशंसित किया जा चुका है और लगभग 6 करोड़ 41 लाख रुपये का प्रोजेक्ट विभाग को भेजा गया है। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि इस प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए। विधायक बबलू मंडल ने अपने पत्र में रसौंक पंचायत के तीन गछिया टोला स्थित सिद्ध पीठ बड़ी मां कात्यायनी स्थान के पास हो रहे भीषण कटाव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बागमती नदी के किनारे स्थित इस धार्मिक स्थल का अस्तित्व कटाव के कारण खतरे में है। विधायक ने स्वयं स्थल का निरीक्षण किया, जहां मंदिर का एक पिलर पहले ही कटाव की चपेट में आ चुका है। उन्होंने कहा कि यहां पहले कुछ कटाव रोधी कार्य किए गए हैं,

 

लेकिनवे पर्याप्त नहीं हैं। इसलिए बड़े पैमाने पर मजबूत कटाव निरोधक कार्य कराए जाने की आवश्यकता है। इसके अलावा उन्होंने सदर प्रखंड के माथर दियारा क्षेत्र में गंगा नदी से हो रहे कटाव का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस कटाव से तीन पंचायतों के लोग बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं और उनकी आजीविका पर संकट उत्पन्न हो गया है। इस विषय को भी उन्होंने विधानसभा में उठाया था, जिस पर विभाग द्वारा कार्य किए जाने का आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक अपेक्षित प्रगति नहीं दिखी है। उन्होंने इस क्षेत्र में भी शीघ्र कटाव रोधी कार्य शुरू कराने की मांग की है। विधायक ने अपने पत्र के माध्यम से स्पष्ट किया कि ये सभी समस्याएं जनजीवन, कृषि और क्षेत्र के विकास से सीधे जुड़ी हुई हैं। उन्होंने मंत्री से अनुरोध किया कि इन सभी योजनाओं पर प्राथमिकता के आधार पर निर्णय लेते हुए विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ हो सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस गंभीर मुद्दे को संवेदनशीलता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करेगी, जिससे खगड़िया के लोगों को राहत मिल सके और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

Related Articles

Back to top button