पारंपरिक परिधान में नजर आए पीएनबी के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राहकों को मिठाई खिलाकर दी दीपावली की शुभकामनाएं
तारा बेलसंडी शाखा में दिखा परंपरा और आधुनिक बैंकिंग का सुंदर संगम, शाखा प्रबंधक ने कहा- ग्राहक ही बैंक परिवार का अभिन्न हिस्सा
पारंपरिक परिधान में नजर आए पीएनबी के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राहकों को मिठाई खिलाकर दी दीपावली की शुभकामनाएं
तारा बेलसंडी शाखा में दिखा परंपरा और आधुनिक बैंकिंग का सुंदर संगम, शाखा प्रबंधक ने कहा- ग्राहक ही बैंक परिवार का अभिन्न हिस्सा
जे टी न्यूज,

जे टी न्यूज, सिंघिया घाट, समस्तीपुर :धनतेरस एवं दीपावली के शुभ अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक की तारा बेलसंडी शाखा में भारतीय संस्कृति और परंपरा की अनूठी झलक देखने को मिली। इस अवसर पर बैंक के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पारंपरिक परिधान में बैंकिंग कार्य करते नजर आए। पुरुष कर्मी कुर्ता-पायजामा तथा महिला कर्मी साड़ी एवं अन्य पारंपरिक परिधानों में उपस्थित रहीं। बैंक की इस पहल ने त्योहार के उत्साह के साथ सांस्कृतिक अपनापन का माहौल बना दिया।
इस अवसर पर शाखा प्रबंधक राकेश कुमार सिंह ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और आत्मीय संबंधों को मजबूत करने का पर्व है। हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है। पारंपरिक परिधान धारण करना केवल पहनावे का विषय नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी, परंपरा और संस्कारों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम है।
उन्होंने बताया कि दीपावली के अवसर पर शाखा में आने वाले सभी ग्राहकों को मिठाई वितरित कर पर्व की शुभकामनाएं दी गईं। उन्होंने कहा कि बैंक और ग्राहक का रिश्ता केवल लेन-देन तक सीमित नहीं है। बैंक का परिवार और ग्राहक का परिवार एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है। हमारा प्रयास है कि बेहतर बैंकिंग सेवाओं के साथ ग्राहकों के साथ आत्मीय और विश्वासपूर्ण संबंध भी बने रहें। पंजाब नेशनल बैंक हमेशा अपने ग्राहकों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहा है और आगे भी उनकी सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
बैंक की इस पहल की ग्राहकों ने भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पारंपरिक परिधान और आधुनिक बैंकिंग सेवाओं का यह संगम बेहद आकर्षक और सराहनीय है। इससे बैंक का वातावरण उत्सवी होने के साथ-साथ ग्राहकों के प्रति अपनापन भी प्रदर्शित करता है।
इस अवसर पर शाखा प्रबंधक राकेश कुमार सिंह, अंजना निषाद, अमित कुमार, जगन्नाथ पासवान, दिलीप मंडल, सौरभ कुमार, सनातन कुमार सिंह, रवि नयन, कुंदन कुमार एवं संतोष कुमार सहित अन्य बैंककर्मी उपस्थित रहे।


