समस्तीपुर में निकली भव्य हर घर तिरंगा साइकिल रैली, जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

समस्तीपुर में निकली भव्य हर घर तिरंगा साइकिल रैली, जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

जे टी न्यूज, समस्तीपुर:
हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत आज समस्तीपुर में राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत भव्य हर घर तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। समस्तीपुर समाहरणालय परिसर से निकाली गई इस साइकिल रैली को जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराएं तथा राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करें।


समाहरणालय परिसर से प्रारंभ हुई साइकिल रैली में जिला प्रशासन के पदाधिकारियों एवं कर्मियों, शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों सहित अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए एवं राष्ट्रभक्ति के भाव से ओत-प्रोत प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ साइकिल रैली में सहभागिता की। रैली के दौरान देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का वातावरण बना रहा।
हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं अपनत्व की भावना को और मजबूत करना तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रीय गौरव के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। जिला प्रशासन द्वारा अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आम लोगों को जोड़ने एवं अधिक से अधिक घरों तक तिरंगा पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।


कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता श्री ब्रजेश कुमार, नगर आयुक्त श्री ज्ञान प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर सदर श्री राकेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रजनीश कुमार राय, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री अली एक राम, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्रीमती जूही कुमारी सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी समस्तीपुर सदर तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
रैली में शामिल पदाधिकारियों, कर्मियों एवं प्रतिभागियों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देश की अखंडता को बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम ने जिले में स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह एवं देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया।


जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें, अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और इस राष्ट्रीय अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं।
जय हिंद!
वंदे मातरम्!

Related Articles

Back to top button