सत्तापक्ष पर बरसे लोक लेखा समिति के सभापति भाई वीरेंद्र

सत्तापक्ष पर बरसे लोक लेखा समिति के सभापति भाई वीरेंद्र


जे टी न्यूज़, समस्तीपुर : मनेर विधायक सह बिहार विधानसभा लोक लेखा समिति के सभापति भाई वीरेंद्र गुरुवार शाम समस्तीपुर जिला अतिथि गृह पहुंचे, जहां राजद कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। शुक्रवार दोपहर अतिथि गृह के सभागार में उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर लोक लेखा की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक से पूर्व प्रेस से बातचीत में भाई वीरेंद्र ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अराजकता का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को आम जनता की समस्याओं की कोई चिंता नहीं है। गैस सिलेंडर और पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “नीतीश कुमार के साथ खेल हो चुका है” और आने वाले दिनों में बिहार सरकार दिल्ली से “रिमोट कंट्रोल” से संचालित होगी। भाई वीरेंद्र ने राज्य में बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार और प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताई।
नालंदा के शीतला मंदिर में हुई भगदड़ की घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं प्रशासनिक सतर्कता और संवेदनशीलता से रोकी जा सकती थीं। उन्होंने पटना में छठ और दशहरा के दौरान हुई पूर्व घटनाओं का भी उल्लेख करते हुए सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया।


राज्य के विकास सूचकांकों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि “डबल इंजन” सरकार के बावजूद बिहार गरीबी, पलायन, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और शिक्षा-स्वास्थ्य जैसे अधिकांश मानकों में पीछे है, जबकि महंगी गैस, बिजली और पेट्रोल-डीजल के मामले में आगे है। उन्होंने 21 वर्षों की एनडीए सरकार को इन स्थितियों के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की।
इस मौके पर राजद जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती, पैक्स अध्यक्ष नागमणि सहित कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button