समस्तीपुर मंडल के चिकित्सा विभाग ने वर्ष 2025-26 में हासिल की उल्लेखनीय उपलब्धियाँ
समस्तीपुर मंडल के चिकित्सा विभाग ने वर्ष 2025-26 में हासिल की उल्लेखनीय उपलब्धियाँ
मंडल के स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक विस्तार*
1.23 लाख से अधिक ओपीडी मरीजों का उपचार*
सैकड़ों सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न*
महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं विशेष रोगों हेतु व्यापक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन*
आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता एवं अधोसंरचना में महत्वपूर्ण सुधार*

आपातकालीन सेवाओं एवं कर्मचारी स्वास्थ्य प्रबंधन में उल्लेखनीय प्रगति*जे टी न्यूज, समस्तीपुर: समस्तीपुर मंडल के चिकित्सा विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। इस दौरान मंडल रेल अस्पताल एवं हेल्थ यूनिट्स के माध्यम से यात्रियों, रेल कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की गईं।
चिकित्सा विभाग ने न केवल नियमित उपचार सेवाओं को सुदृढ़ किया, बल्कि विभिन्न स्वास्थ्य अभियानों एवं शिविरों के माध्यम से जन-जागरूकता और निवारक चिकित्सा को भी बढ़ावा दिया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष के दौरान ओपीडी में कुल 1,23,712 मरीजों का उपचार किया गया, जबकि 2,145 मरीजों को इनडोर सुविधा प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त 644 लघु शल्य क्रियाएँ एवं 20 प्रमुख सर्जरी सफलतापूर्वक की गईं। इतना ही नहीं चिकित्सा विभाग द्वारा मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर 1,705 स्टेशन कॉल के माध्यम से तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
आलोच्य वित्त वर्ष के दौरान चिकित्सा विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य जांच शिविरों का भी व्यापक आयोजन किया गया। जिसके तहत मंडल रेल अस्पताल एवं हेल्थ यूनिट्स में आयोजित शिविरों में कुल 7,457 लोगों की जांच की गई। *“स्वस्थ नारी सशक्त परिवार*” अभियान के तहत 25 शिविरों में 2,837 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत 07 शिविरों में 267 स्वच्छता मित्रों की जांच की गई

विशेष स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत दरभंगा स्टेशन पर मेगा हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित किया गया, जिसमें 255 लोगों की नेत्र एवं दंत जांच की गई। क्रॉनिक लिवर रोगियों के लिए फाइब्रो-स्कैन कैंप में 117 मरीजों की जांच की गई। इसके अलावा समस्तीपुर स्टेशन पर आयोजित HIV परीक्षण शिविर में 265 लोगों की जांच की गई।
विदित हो कि वर्ष के दौरान मंडल में आपातकालीन सेवाओं को भी सुदृढ़ किया गया। वर्ष के दौरान 8,855 इमरजेंसी ओपीडी केस, 715 स्टेशन कॉल, तथा 103 कट इंजरी केस का सफल उपचार किया गया। इसके साथ ही 1,055 RELHS एवं 1,268 कर्मचारी/आश्रित मामलों का समुचित प्रबंधन किया गया।
चिकित्सा विभाग द्वारा विभिन्न पर्व-त्योहारों के दौरान प्रमुख स्टेशनों पर चिकित्सा टीमों की तैनाती कर भीड़ प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार सुनिश्चित किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किए गए, जिससे कार्यस्थल पर स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ी।
मंडल के मेडिकल अधोसंरचना के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। इस दौरान महिला वार्ड, स्त्री रोग वार्ड, बच्चों के वार्ड, ओपीडी एवं केबिनों का नवीनीकरण किया गया। साथ ही मंडल रेल अस्पताल के नए भवन हेतु ₹12 करोड़ की स्वीकृति एवं 30 ICU बेड की व्यवस्था की गई है।
आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, पोर्टेबल एक्स-रे, इम्यूनो एनालाइज़र, लैप्रोस्कोपी मशीन, ECG मशीन सहित कई अत्याधुनिक उपकरण स्वीकृत एवं क्रय किए गए हैं।मेडिकल रिइम्बर्समेंट के अंतर्गत 237 मामलों में से 191 मामलों का निस्तारण करते हुए लगभग ₹57.32 लाख का भुगतान किया गया।
समस्तीपुर मंडल का चिकित्सा विभाग निरंतर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने, आधुनिक तकनीकों को अपनाने एवं जनहित में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह उपलब्धियाँ विभाग की कार्यकुशलता एवं सेवा भावना को दर्शाती हैं।



