मुरलीगंज में रेल हादसा टला, कोसी एक्सप्रेस की बोगी में लगी आग, मची अफरा तफरी
मुरलीगंज में रेल हादसा टला, कोसी एक्सप्रेस की बोगी में लगी आग, मची अफरा तफरी

जे टी न्यूज, मधेपुरा :
मधेपुरा से मुरलीगंज जाने वाले मुख्य रेल मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा होने से बाल-बाल बच गया। पटना से पूर्णिया कोर्ट जा रही कोसी एक्सप्रेस (18626) जब दिनापट्टी स्टेशन के समीप से गुजर रही थी, तभी ट्रेन के स्लीपर कोच S-5 के नीचे से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते धुएं ने आग की लपटों का रूप ले लिया, जिससे पूरी ट्रेन में हड़कंप मच गया और यात्रियों के बीच अपनी जान बचाने की होड़ लग गई।
ट्रेन में सवार प्रत्यक्षदर्शी यात्री फुचुन कुमार ने बताया कि रात करीब 11 बजे जब कोच के नीचे से धुआं निकलना शुरू हुआ, तब यात्रियों ने शोर मचाकर ट्रेन रोकने की कोशिश की लेकिन शुरुआत में रेल कर्मियों का ध्यान इस ओर नहीं गया। कुछ दूर आगे बढ़ते ही आग विकराल होने लगी, जिसके बाद ट्रेन को रोका गया। आग की लपटें देख कोच में सवार यात्री दहशत के मारे चलती ट्रेन से नीचे कूदने लगे, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ट्रेन रुकते ही रेलवे कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। काफी कड़ी मशक्कत के बाद लपटों को बुझाया गया, जिसके बाद रेल प्रशासन और यात्रियों ने राहत की सांस ली। गनीमत यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी भी यात्री के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर घटना को लेकर रेल प्रशासन का रवैया बेहद उदासीन नजर आ रहा है। शनिवार की सुबह जब आग लगने के कारणों और घटना की जानकारी लेने के लिए मुरलीगंज स्टेशन के अधिकारियों से संपर्क किया गया, तो उन्होंने ऐसी किसी भी घटना की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि उन्हें अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है, जो रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और सूचना तंत्र पर बड़े सवाल खड़े करता है।


