वेतन–पेंशन भुगतान को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने सीएम से की मुलाकात नियमित वेतन लागू करने व बकाया अनुदान के एकमुश्त भुगतान की मांग
वेतन–पेंशन भुगतान को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने सीएम से की मुलाकात
नियमित वेतन लागू करने व बकाया अनुदान के एकमुश्त भुगतान की मांग

जे टी न्यूज, पटना: संबद्ध शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों एवं कर्मियों की विभिन्न मांगों को लेकर बिहार राज्य संबद्ध डिग्री महाविद्यालय शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी महासंघ (फैक्टनेब) का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने उच्च न्यायालय, पटना के न्यायादेश एवं बिहार विधान परिषद की शिक्षा समिति की अनुशंसा के आलोक में परीक्षाफल आधारित वेतनानुदान व्यवस्था समाप्त कर नियमित वेतन एवं पेंशन भुगतान के लिए नीतिगत निर्णय लेने की मांग की।
साथ ही शैक्षणिक सत्र 2015–2018 से अब तक के आठ सत्रों के बकाया वेतनानुदान का एकमुश्त भुगतान करने तथा लंबित राशि को महंगाई भत्ते के अनुरूप पुनरीक्षित दर से भुगतान करने की मांग रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि भुगतान की राशि शिक्षकों एवं कर्मियों के बैंक खातों में सीधे सॉफ्टवेयर के माध्यम से भेजी जाए। इसके अलावा वर्ष 2008 के संकल्प के तहत स्नातक खंड के लिए 1.50 करोड़ रुपये तथा इंटर खंड के लिए 50 लाख रुपये की अधिसीमा समाप्त करने की मांग की गई।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस संबंध में गठित कमिटी द्वारा समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
*ये थे शामिल*
डॉ. शंभुनाथ प्रसाद सिन्हा (अध्यक्ष), प्रो. राजीव रंजन (महासचिव), डॉ. रविन्द्र कुमार (सचिव), डॉ. सुमन्त कुमार सिन्हा, डॉ. शिव कुमार सिंह एवं प्रो. अरुण गौतम (मीडिया प्रभारी)।


