दिशा की बैठक में गरजे जनप्रतिनिधि, विकास योजनाओं की खुली समीक्षा!

सड़क,स्वास्थ्य,शिक्षा,बिजली,पेयजल और सिंचाई पर हुई गहन चर्चा सांसद राजा राम सिंह ने अधिकारियों को दिया दो-टूक निर्देश

दिशा की बैठक में गरजे जनप्रतिनिधि, विकास योजनाओं की खुली समीक्षा!

सड़क,स्वास्थ्य,शिक्षा,बिजली,पेयजल और सिंचाई पर हुई गहन चर्चा

सांसद राजा राम सिंह ने अधिकारियों को दिया दो-टूक निर्देश

जे टी न्यूज, सासाराम(रोहतास)जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति(दिशा)की समीक्षात्मक बैठक मंगलवार को डीआरडीए सभागार,सासाराम में सांसद राजा राम सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई और योजनाओं को धरातल पर तेजी से उतारने को लेकर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। बैठक में सांसद,सासाराम मनोज कुमार,विधान परिषद सदस्य अशोक कुमार पाण्डेय, दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह, करगहर विधायक वशिष्ठ सिंह,नोखा विधायक नागेन्द्र चन्द्रवंशी,डेहरी विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहें। वहीं जिला पदाधिकारी रोहतास,पुलिस अधीक्षक, वन प्रमंडल पदाधिकारी,उप विकास आयुक्त,अपर समाहर्ता सह अपर जिला दंडाधिकारी सहित जिले के सभी प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहें।
*पौधा देकर हुआ जनप्रतिनिधियों का स्वागत* बैठक की शुरुआत जिला पदाधिकारी रोहतास द्वारा उपस्थित माननीय जनप्रतिनिधियों को पौधा भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद अध्यक्ष की अनुमति से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शुरू की गई।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु के बाद दिए जाने वाले मुआवजे की स्थिति तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी सदन के समक्ष रखी।
*पुरानी बैठक के फैसलों की भी हुई पड़ताल*
बैठक में 22 अप्रैल 2026 को आयोजित दिशा की पिछली बैठक की कार्यवाही के अनुपालन प्रतिवेदन की समीक्षा की गई। इसके बाद विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर विभागवार चर्चा हुई।
विशेष रूप से ग्रामीण सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, स्वास्थ्य,शिक्षा,बिजली,पेयजल,सिंचाई, लघु सिंचाई परियोजनाओं तथा पीएचईडी के जल प्रबंधन से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं में अपेक्षित गति लाने और कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
*मोबाइल पर शिकायत मिले तो तुरंत हरकत में आएं अधिकारी*
बैठक का सबसे अहम संदेश देते हुए दिशा अध्यक्ष एवं काराकाट सांसद राजा राम सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से किसी समस्या या जनहित के मुद्दे की जानकारी दिए जाने पर तत्काल संज्ञान लेकर उसके समाधान की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के बाद की गई कार्रवाई से संबंधित माननीय जनप्रतिनिधि को भी अवगत कराया जाए। विकास कार्यों में यदि किसी प्रकार की कठिनाई सामने आती है तो उसके समाधान के लिए क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाए और उनके उपयोगी सुझावों पर गंभीरता से अमल किया जाए।


*जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर*
दिशा की बैठक में स्पष्ट रूप से यह संदेश दिया गया कि जिले के विकास कार्यों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। योजनाओं की प्रगति केवल कागजों तक सीमित न रहें,बल्कि उसका वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंचे इस पर विशेष जोर दिया गया।

Related Articles

Back to top button