श्रवण कुमार बने जदयू विधायक दल के नेता
निशांत कुमार 3 मई से बिहार की यात्रा पर निकलेंगे

जे टी न्यूज, पटना: नालंदा विधायक श्रवण कुमार जदयू विधायक दल के नेता चुने गए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की स्वीकृति के बाद उनका नाम विधानसभा भेजा गया था। इसके बाद विधान सभा की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। दरअसल नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद विधायक दल के नेता का पद खाली था।
बिहार में नई सरकार के गठन के बाद सोमवार को पहली बार जदयू विधायक दल की बैठक हुई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में सीएम आवास एक अणे मार्ग में हुई इस बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव होना था। हालांकि ,करीब डेढ़ घंटे चली बैठक में विधायक दल के नेता पर फैसला नहीं हो पाया। इसके लिए नीतीश कुमार को अधिकृत कर दिया गया था। संभावना जताई जा रही थी कि विजय चौधरी या बिजेंद्र प्रसाद यादव में से किसी को विधायक दल का नेता चुना जा सकता है। हालाकि ,पार्टी के भीतर नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को विधायक दल का नेता बनाए जाने की मांग भी उठी थी। लेकिन नीतीश कुमार ने अंततः श्रवण कुमार के नाम पर मुहर लगा दी।गौरतलब है कि 2025 के विधानसभा चुनाव में 85 सीटें जीतने के बाद नीतीश कुमार को जदयू विधायक दल का नेता चुना गया था। 14 अप्रैल को नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। 15 अप्रैल को नई सरकार का गठन हुआ जिसमें जदयू के विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव उपमुख्यमंत्री बनाए गए। उस वक्त विधायक दल के नेता का चुनाव नहीं हुआ था।

इधर निशांत कुमार तीन मई से बिहार की यात्रा पर निकलेंगे। निशांत कुमार ने मंगलवार को जदयू के प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ता॓ओं के साथ बैठक के बाद इसकी घोषणा की।



