समस्तीपुर -दरभंगा आमस सिक्स लेन निर्माण पर हादसे में मजदूर की मौत कार्य के दौरान सिर पर गिरा था लोहा
समस्तीपुर -दरभंगा आमस सिक्स लेन निर्माण पर हादसे में मजदूर की मौत कार्य के दौरान सिर पर गिरा था लोहा
जे टी न्यूज, समस्तीपुर :

समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर से गुजरने वाली समस्तीपुर दरभंगा आमस सिक्स लेन पर कार्य के दौरान सिर पर लोहा गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक मजदूर खगड़िया जिले के गोगरी जमालपुर के मलिया गांव के मोहम्मद मुस्लिम का पुत्र मोहम्मद तमीज 56 वर्ष बतलाया गया है। मजदूर के शव को कल्याणपुर पुलिस ने शुक्रवार को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है।
घटना के संबंध में मृतक का छोटा भाई मोहम्मद असलम ने बतलाया कि उनके भाई पिछले 6 महीना से समस्तीपुर में निर्माणाधीन समस्तीपुर दरभंगा आमस सिक्स लेन के निर्माण में मजदूर के रूप में कार्यरत थे। गुरुवार देर शाम इन लोगों को जानकारी मिली कि कार्य के दौरान उनके सिर पर लोहा गिर गया है। इसके बाद सभी समस्तीपुर पहुंचे और भाई को बेहतर उपचार के लिए पटना ले गये थे। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर वापस समस्तीपुर आ गये और मामले की जानकारी एजेंसी के मैनेजर और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है।

मृतक की पत्नी नाजमुन खातून ने बतलाया कि उसे चार बेटी और दो बेटा है सभी छोटे-छोटे हैं अभी किसी भी बेटी की शादी नहीं हुई है बेटी की शादी करने के लिए ही उनके पति मजदूरी करने के लिए समस्तीपुर सड़क निर्माण में आए हुए थे। जहां हादसे में उनकी जान चली गई। उन्होंने कहा है कि कंपनी के द्वारा उन्हें उचित मुआवजा मिलना चाहिए ,ताकि परिवार का भरण पोषण हो और उनकी बेटी की शादी हो सके।
पुलिस पदाधिकारी ने क्या कहा
सदर डीएसपी 2 संजय कुमार ने बतलाया कि सड़क निर्माण में जुटे मजदूर के सिर पर कोई भारी सामग्री गिर गया था जिस कारण उसके सिर में काफी चोट लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीएमसीएच भेजा गया था लेकिन उसकी मौत हो गई इसके बाद परिवार के लोग वापस आ गए थे शव को जब्त कर पोस्टमार्टम कराया गया है। घटना को लेकर एक प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

